श्रीबागेश्वर धाम के कृपापात्र अमित धुर्वे व अगले दिन श्री राम जानकी सुंदरकांड मंडल ने दी भजन प्रस्तुति, आज पूर्णाहुति व भंडारा
तेजाराम साहू खातेगांव। मां नर्मदा तट स्थित नवाड़ा आश्रम में चल रहा सप्तदिवसीय महारुद्र यज्ञ धार्मिक उल्लास व भक्ति भावना के साथ जारी है। इस पावन अनुष्ठान में प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार, के साथ आवाहित मंडल देवताओं का पूजन , महारुद्र हवन व शिव- शक्ति पूजन का आयोजन किया जा रहा है।
यज्ञ का उद्देश्य विश्व कल्याण, जन-जन की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना बताया जा रहा है। यज्ञ स्थल पर रविवार को श्रीबागेश्वर धाम के कृपापात्र अमित धुर्वे ने भजन प्रस्तुत कर भक्तों को भावविभोर कर दिया। वहीं श्री राम जानकी सुंदरकांड मंडल खातेगांव ने भी अपने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। जैसे-जैसे आयोजन आगे बढ़ रहा है, भक्तों की संख्या में भी निरंतर वृद्धि दर्ज हो रही है।
इस सप्ताहिक धार्मिक अनुष्ठान का संचालन पंडित दीपक नागर द्वारा किया जा रहा है। वेद-शास्त्र पारंगत विद्वानों की उपस्थिति में यज्ञ स्वामी चंद्रशेखरानंद सरस्वती जी महाराज के सान्निध्य में संपन्न हो रहा है।
आज यज्ञ की पूर्णाहुति दी जाएगी, जिसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन रखा गया है। आयोजकों ने अधिक से अधिक धर्मप्रेमी श्रृद्धालुओं से भंडारे में उपस्थित होने व प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि महारुद्र यज्ञ में आहुति देने से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है तथा जीवन में शांति, शक्ति, आरोग्य और समृद्धि का वास होता है।
आयोजनस्थल पर व्यवस्थाओं का दायित्व भी सराहनीय ढंग से निभाया जा रहा है। श्रद्धालु शांत वातावरण में बैठकर धार्मिक अनुष्ठान का लाभ ले रहे हैं।
