मुख्य आरोपी राहुल जायसवाल से 35 लाख रुपए बरामद, शराब कारोबार में पार्टनरशिप और वित्तीय लेन-देन की जांच में जुटी पुलिस; गुजरात तक फैले नेटवर्क की तलाश
तेजाराम साहू , खातेगांव। थाना प्रभारी दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच के साथ ही पुलिस ने अवैध शराब सिंडिकेट के नेटवर्क की पड़ताल तेज कर दी है। पुलिस के साथ हुई दो अलग-अलग शॉर्ट एनकाउंटर की घटनाओं में घायल मिनी ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू और क्लीनर धीरज को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मंगलवार को भारी सुरक्षा के बीच खातेगांव लाया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 17 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अब पुलिस दोनों से शराब तस्करी और टीआई की हत्या से जुड़े घटनाक्रम को लेकर पूछताछ करेगी। फिलहाल दोनों को कन्नौद थाने में रखकर पूछताछ की जाएगी।
इस मामले में गिरफ्तार राहुल जायसवाल, केरम सिंह और विजय राव भी पुलिस रिमांड पर हैं। न्यायालय ने राहुल जायसवाल और केरम सिंह को 16 नवंबर तक, जबकि विजय राव को 13 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस सभी आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
राहुल से 35 लाख रुपए बरामद, वित्तीय लेन-देन की जांच
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य आरोपी राहुल जायसवाल से अब तक 35 लाख रुपए नकद बरामद किए जा चुके हैं। इसके साथ ही राहुल और बड़वानी के शराब कारोबारी के बीच हुए एग्रीमेंट, कथित पार्टनरशिप और वित्तीय लेन-देन की फॉरेंसिक एवं तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कारोबार में किसकी कितनी हिस्सेदारी थी और करोड़ों के कारोबार का आर्थिक नेटवर्क किस तरह संचालित हो रहा था।
टिमरनी से गुजरात तक शराब सप्लाई का नेटवर्क
जांच में टिमरनी स्थित शराब दुकान से गुजरात तक शराब की सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। गुजरात से पकड़े गए मनीष जायसवाल से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, टिमरनी की शराब दुकान में मनीष, राहुल जायसवाल और मृतक मोहिन जायसवाल की 30-30 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। मोहिन की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उसकी मौत के बाद नेटवर्क से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां जुटाने में पुलिस को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
केरम सिंह से मिल सकते हैं नेटवर्क के अहम सुराग
अब पुलिस की जांच में केरम सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, केरम के माध्यम से शराब की खेप गुजरात पहुंचाई जाती थी। पूछताछ के दौरान उसने कुछ नाम बताए हैं। इन लोगों की भूमिका की पुष्टि के लिए पुलिस टीम उसे गुजरात ले जा सकती है। अब तक की जांच में शराब सप्लाई के बैकवर्ड लिंक सामने आए हैं, जबकि पुलिस गुजरात में शराब की खेप किन लोगों तक पहुंचाई जाती थी, इसकी फॉरवर्ड लिंक तलाश रही है।
लाइसेंसी पाटेंद्र जायसवाल अब भी फरार
दूसरी ओर, टिमरनी शराब दुकान का लाइसेंसी पाटेंद्र जायसवाल अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। इसके अलावा परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि फरार लाइसेंसी की गिरफ्तारी के साथ शराब सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और पूरे आर्थिक नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
फिलहाल पुलिस की जांच का फोकस टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड के पीछे की परिस्थितियों, अवैध शराब कारोबार की साझेदारी और गुजरात तक फैले तस्करी नेटवर्क की पूरी कड़ी सामने लाने पर है। आने वाले दिनों में आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
.webp)
.webp)