तेजाराम साहू, खातेगांव। देश के प्रथम शिक्षा मंत्री एवं महान स्वतंत्रता सेनानी मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती के अवसर पर बुधवार को खातेगांव में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। अल्पसंख्यक कांग्रेस, नगर कांग्रेस एवं ब्लॉक कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मौलाना आजाद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। इसके बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।
कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी के निर्देशानुसार तथा मध्यप्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश प्रभारी आबिद कागजी एवं सह प्रभारी लियाकत अली के आदेशानुसार किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने मौलाना अबुल कलाम आजाद के देश की आजादी और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि मौलाना आजाद का जीवन देश की एकता, शिक्षा और सामाजिक सद्भाव के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शासकीय अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए। साथ ही उनके बेहतर स्वास्थ्य और जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना की।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष सुनील यादव, पूर्व जनपद सदस्य नूर भाई, अनवर पठान, शाहिद शाह, जिला महासचिव बिलाल खान, इरशाद पटेल, आबिद खान, जगदीश सरपंच, कय्यूम अली, बिट्टू मंसूरी, समी शेख और असलम शेख सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
.webp)