तेजाराम साहू, नर्मदापुरम। भाई-बहन के प्रेम और विश्वास के प्रतीक पर्व भाई दूज पर नर्मदापुरम यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर अनूठी पहल की। इस दौरान बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उन्हें हेलमेट पहनाया और जीवनभर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करने का संकल्प दिलाया। पुलिस की इस पहल ने भाई दूज के पर्व को सुरक्षा और जिम्मेदारी के संदेश से जोड़ दिया।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में डीएसपी यातायात संतोष मिश्रा के नेतृत्व में इटारसी मार्ग पर विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत भाई दूज मनाने जा रहे दोपहिया वाहन सवार भाई-बहनों को रोककर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस की ओर से करीब 20 बहनों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। बहनों ने स्वयं अपने भाइयों को हेलमेट पहनाकर हर सफर में सुरक्षा नियमों का पालन करने का वचन लिया। उन्होंने कहा कि भाई की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना तभी सार्थक है, जब उसकी सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाए। भाइयों ने भी बहनों के विश्वास को बनाए रखने और हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान कई भावुक दृश्य भी देखने को मिले। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार और नागरिक से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। छोटी-सी सावधानी किसी बड़े हादसे को रोक सकती है और अनमोल जीवन बचा सकती है।
इस अवसर पर यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहने। वहीं, चारपहिया वाहन में सफर करते समय सीट बेल्ट का उपयोग जरूर करें।
कार्यक्रम में डीएसपी यातायात संतोष मिश्रा, निरीक्षक सूरज जमरा, एएसआई शैलेन्द्र तिलोटिया सहित यातायात पुलिस का स्टाफ मौजूद रहा।
पुलिस का संदेश: बहन का प्यार और विश्वास केवल भाई दूज तक सीमित न रखें, बल्कि जीवनभर यातायात नियमों का पालन करें। आपकी सुरक्षित घर वापसी ही परिवार के लिए सबसे बड़ा उपहार है।
