लखनलाल पगारे, खरगोन। शासकीय विधि महाविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर उनके जीवन, संघर्ष, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और जल, जंगल एवं जमीन की रक्षा के लिए किए गए ऐतिहासिक आंदोलन को याद किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीरों के अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों, सामाजिक न्याय, समानता और विधिक संरक्षण के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने जनजातीय समुदायों के अधिकारों की रक्षा में कानून की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम संयोजक श्री पी.एस. रावत ने बताया कि प्रतिवर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के नेतृत्व में अंग्रेजी शासन और शोषणकारी व्यवस्थाओं के विरुद्ध चलाए गए ऐतिहासिक 'उलगुलान' आंदोलन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान के लिए प्रेरणास्रोत है।
विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में छात्र राजेंद्र जमरे ने सहभागिता की। रंगोली प्रतियोगिता में रानू भालसे, चांदनी डावर, नसरीन शेख एवं प्राची पाटीदार ने भाग लिया। निबंध प्रतियोगिता में नितिका पाटीदार, मीनाक्षी वर्मा, हिमानी वर्मा, नंदनी कौशल, इराम शेख एवं श्रेयांशी अमोदे ने अपनी प्रतिभा दिखाई। वहीं भाषण प्रतियोगिता में शिवानी पंचोले और दीपक पांडे ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा अधिकारी सत्यम निंगवाल ने किया, जबकि आभार डॉ. पी.एल. जमरा ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रोफेसर चंद्रभान त्रिवेदी, तृप्ति जायसवाल, तृप्ति सोनी, शिवांगी निराले, राजेश बालके, सदाशिव कलमे, महेश कलमे सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
.webp)