अवैध शराब नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस, गुजरात से टिमरनी तक जांच का दायरा बढ़ा; चार बोलेरो वाहन जब्त होने की जानकारी
तेजाराम साहू, खातेगांव। थाना प्रभारी दिलीप पुरी हत्याकांड की जांच में पुलिस अब कथित अवैध शराब कारोबार के नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है। मामले में गिरफ्तार बोलेरो चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू और क्लीनर धीरज की पुलिस रिमांड न्यायालय ने 23 नवंबर तक बढ़ा दी है। मंगलवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया था। रिमांड अवधि बढ़ने के बाद पुलिस उनसे अवैध शराब के परिवहन, इसमें इस्तेमाल किए गए वाहनों, शराब पहुंचाने के रास्तों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
जांच के दौरान राहुल जायसवाल को कथित तौर पर शराब नेटवर्क का सरगना बताया जा रहा है। वहीं, विजय राव के मध्यप्रदेश और गुजरात के शराब कारोबार से जुड़े लोगों के संपर्क में होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा कैरम सिंह की भूमिका भी पुलिस की जांच के दायरे में है। उस पर वाहन चालकों और अन्य सहयोगियों की व्यवस्था करने की आशंका के आधार पर पड़ताल की जा रही है। राहुल जायसवाल और कैरम सिंह से पूछताछ के बाद उनकी रिमांड समाप्त होने पर पुलिस उन्हें जेल भेज चुकी है।
गुजरात और टिमरनी तक पहुंची जांच
पुलिस जांच में मनीष के लैपटॉप से मिले तथ्यों को भी अहम माना जा रहा है। इन जानकारियों के आधार पर पुलिस नेटवर्क से जुड़े संपर्कों और लेन-देन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का दायरा गुजरात और टिमरनी तक बढ़ाया गया है। शराब कारोबार से संबंधित दस्तावेजों और संपर्कों की पड़ताल के साथ टिमरनी दुकान के लाइसेंसी पाटेन्द्र से भी पूछताछ की जा रही है।
बोलेरो वाहनों के इस्तेमाल की जांच
इस मामले में जांच के दौरान चार बोलेरो वाहन जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस अब इन वाहनों के इस्तेमाल, अवैध शराब परिवहन में उनकी भूमिका और शराब की आपूर्ति के पूरे रास्ते का पता लगाने में जुटी है। साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
टीआई दिलीप पुरी की मौत के मामले में पुलिस की जांच अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ तक सीमित नहीं रह गई है। पुलिस कथित अवैध शराब कारोबार के पूरे नेटवर्क, उसके संचालन और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। आने वाले दिनों में पूछताछ और जांच से इस नेटवर्क से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आने की संभावना है।
.webp)