सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की पांच गाड़ियां
पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 1:38 बजे पीआरवी 5840 को यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही राया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचित किया। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
एफएसओ नरेश कुमार के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मियों ने यमुना एक्सप्रेस-वे यूनिट के साथ मिलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इस दौरान पुलिस और दमकल कर्मियों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।
इंजन की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
प्रारंभिक जांच में बस में आग लगने की वजह इंजन की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। हादसे का शिकार हुई बस खजुराहो ट्रेवल्स की थी, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर MP14ZH5063 है। बस को मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव निवासी चालक जितेंद्र पुत्र मोहनलाल चला रहे थे।
जानकारी के अनुसार, चालक दिल्ली के कश्मीरी गेट से करीब 40 यात्रियों को लेकर छतरपुर के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में इंजन की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। यात्रियों के सामान को भी आग से काफी नुकसान पहुंचा।
सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला, कोई जनहानि नहीं
सीओ महावन संजीव कुमार राय ने बताया कि बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
समय रहते पुलिस और दमकल विभाग की टीमों के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। यदि आग पर जल्द काबू नहीं पाया जाता, तो बस में सवार करीब 40 यात्रियों की जान गंभीर खतरे में पड़ सकती थी।
