हेमंत त्रिपठी, अहमद्पुर। खाइखेड़ा गांव से लापता परिवार की तलाश में जुटी पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा है। लापता सुरेश की बाइक गांव के ही निवासी मोहन दांगी के खेत के पास नाले किनारे खड़ी मिली है। बाइक के पास दो टिफिन भी बरामद हुए हैं, जिनमें रखी रोटियों पर फफूंद लगी हुई थी। मौके से हंसिया और लोटा भी मिला है। इन संदिग्ध वस्तुओं की बरामदगी के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
दरअसल, खाइखेड़ा गांव से एक परिवार के अचानक लापता होने के बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही है। मामले में परिजनों ने कुछ लोगों पर संदेह जताया था। इसी बीच संदेह के घेरे में आए डालचंद ने गुरुवार को पुलिस को आवेदन देकर खुद को झूठे मामले में फंसाए जाने की आशंका जताई थी। उसने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया था।
सीसीटीवी फुटेज से तलाश रही पुलिस सुराग
थाना प्रभारी बीएल त्यागी के अनुसार, लापता परिवार की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं। संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि परिवार की आवाजाही से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिल सके। बाइक और अन्य सामान मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घर और बाइक मिलने के स्थान पर फॉरेंसिक जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को फॉरेंसिक टीम खाइखेड़ा गांव पहुंची थी। टीम ने सबसे पहले लापता परिवार के घर का निरीक्षण किया। वहां मिले लाल रंग के निशान का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। इसके बाद सुरेश की बाइक मिलने की सूचना पर टीम नाले के किनारे पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
बाइक के पास मिले दोनों टिफिन में रखी रोटियों पर फफूंद लगी हुई थी। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि टिफिन कुछ समय से वहां पड़े हो सकते हैं। हालांकि, बाइक और अन्य सामान कितने समय से मौके पर मौजूद थे, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस बाइक, टिफिन और अन्य बरामद वस्तुओं को जांच की महत्वपूर्ण कड़ी मानकर पड़ताल कर रही है। लापता परिवार का पता लगाने के साथ ही पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच में जुटी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी राजेश चंदेल स्वयं गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की कमान संभाली। उन्होंने लापता परिवार की बेटी किरण दांगी और अन्य परिजनों से करीब डेढ़ घंटे तक चर्चा कर घटनाक्रम की जानकारी ली। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जांच के दौरान किसी भी संभावित पहलू को नजरअंदाज न किया जाए और परिवार का पता लगाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाए।
इस दौरान एसपी सोनाक्षी सक्सेना, एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीओपी प्रेमनारायण गोयल, अहमदपुर थाना प्रभारी बीएल त्यागी और साइबर सेल की टीम भी जांच में जुटी रही।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
लापता सुरेश की बाइक गांव के निवासी मोहन दांगी के खेत के पास नाले के किनारे मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। बाइक के आसपास मिले सामान और अन्य संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित करने की कार्रवाई की गई। इससे पहले फॉरेंसिक टीम लापता परिवार के घर भी पहुंची थी, जहां मिले लाल रंग के निशान का सैंपल जांच के लिए लिया गया था।
अब बाइक के आसपास मिले सामान और घटनास्थल की परिस्थितियों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद वस्तुएं कितने समय से वहां पड़ी थीं और उनका लापता परिवार से क्या संबंध है।
मोबाइल की आखिरी लोकेशन से बढ़ी जांच की चुनौती
पुलिस की शुरुआती जांच में लापता दंपती के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन विदिशा जिले के बेरसिया क्षेत्र में सामने आने की जानकारी मिली है। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच का दायरा बढ़ा दिया है। खाईखेड़ा और आसपास के संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस परिवार की आवाजाही, बाइक की गतिविधियों और संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़े इनपुट को आपस में जोड़कर घटनाक्रम की कड़ियां तलाश रही है। साइबर सेल भी मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है।
मामा पर संदेह, पुलिस कर रही पूछताछ
लापता परिवार की बेटी किरण दांगी ने अपने मामा डालचंद और चंदन सिंह पर घटना में शामिल होने की आशंका जताई है। पुलिस ने इन आरोपों को भी जांच के दायरे में रखा है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
दूसरी ओर, संदेह के दायरे में आए डालचंद ने गुरुवार को पुलिस को आवेदन देकर झूठे मामले में फंसाए जाने की आशंका जताई थी। उसने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया था। पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आरोपों की पुष्टि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही की जाएगी। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।
राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंचा मामला
लापता परिवार का अब तक पता नहीं चलने पर परिजनों ने मुख्यमंत्री, सीएम हेल्पलाइन, एसपी, एसडीएम और एसडीओपी सहित विभिन्न अधिकारियों से शिकायत कर मदद मांगी थी। इसके बावजूद संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर मामला राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंच गया।
आयोग की पूर्व जांच समिति सदस्य एवं सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता प्रिया ठाकुर ने मामले का संज्ञान लेते हुए परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने आईजी देहात रुचिवर्धन मिश्र से भी चर्चा की और संबंधित दस्तावेज अधिकारियों को सौंपे।
डीआईजी राजेश चंदेल से मुलाकात के बाद प्रिया ठाकुर ने बताया कि अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से सुना है और किरण का पक्ष भी जाना है। अब पुलिस की जांच के साथ ही मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग का भी ध्यान केंद्रित हो गया है।
परिवार की तलाश में कई स्तरों पर जांच
बाइक की बरामदगी, घर में मिले लाल रंग के निशान, मोबाइल की आखिरी लोकेशन और परिजनों द्वारा जताई गई आशंकाओं को जोड़कर पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। डीआईजी के सीधे निगरानी में आने के बाद जांच में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि, लापता परिवार के संबंध में अब तक कोई ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों और तकनीकी जानकारियों के आधार पर परिवार की तलाश जारी है।
.webp)
.webp)
.webp)