दूसरी बार पुलिस रिमांड पूरी होने पर न्यायालय में किया पेश, अब तक 9 आरोपी जेल पहुंचे
तेजाराम साहू खातेगांव। थाना प्रभारी दिलीप पुरी हत्याकांड में पुलिस ने आयशर वाहन के चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू और क्लीनर धीरज को जेल भेज दिया है। सोमवार को दूसरी बार पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को खातेगांव न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।
इस कार्रवाई के साथ ही मामले में जेल भेजे गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। इससे पहले पुलिस राहुल जायसवाल, विजय राव, कैरम सिंह, भूपेंद्र राणा, संदीप बरमन, मनीष जायसवाल और टिमरनी शराब दुकान के लाइसेंसी पाटेन्द्र जायसवाल को जेल भेज चुकी है। पाटेन्द्र जायसवाल को दूसरी पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद रविवार को न्यायालय में पेश किया गया था।
शराब परिवहन नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस मामले में अवैध शराब के परिवहन से जुड़े नेटवर्क, आरोपियों के आपसी संपर्क और थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या से जुड़ी अन्य कड़ियों की जांच में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब परिवहन नेटवर्क किस तरह संचालित हो रहा था।
