उज्जैन में जन अभियान परिषद की संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित, सात जिलों के अधिकारियों ने प्रस्तुत किया कार्यों का प्रतिवेदन
तेजाराम साहू, उज्जैन। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की संभागीय समीक्षा बैठक सिंहस्थ मेला कार्यालय, कोठी रोड उज्जैन में आयोजित की गई। बैठक में परिषद के उपाध्यक्ष पद्मश्री मोहन नागर ने कहा कि वर्तमान नैरेटिव के दौर में समाज के सकारात्मक कार्यों और उपलब्धियों को युवाओं तक पहुंचाना परिषद की प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने, जनभागीदारी बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रचनात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग) की संवाद योजना के अंतर्गत आयोजित इस बैठक में उज्जैन संभाग के सात जिलों के संभाग, जिला एवं विकासखंड समन्वयकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में शासी निकाय सदस्य श्रीमती अजीता परमार, संभाग प्रभारी डॉ. सुनीता गुप्ता एवं संभाग समन्वयक शिवप्रसाद मालवीय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
बैठक में संभाग समन्वयक शिवप्रसाद मालवीय ने संभाग में संचालित गतिविधियों एवं विभागीय कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, रतलाम, मंदसौर एवं नीमच के जिला समन्वयकों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। विकासखंड समन्वयकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। प्रस्तुत प्रतिवेदनों की समीक्षा करते हुए पद्मश्री नागर एवं अन्य अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
युवा जन अभियान के माध्यम से युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
पद्मश्री मोहन नागर ने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल योजनाओं का संचालन करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए जनभागीदारी को मजबूत बनाना भी है। प्रस्फुटन ग्रामों में जैविक कृषि को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ना जरूरी है। शासन द्वारा आगामी वर्ष को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इसे देखते हुए परिषद ने अभी से युवा जन अभियान प्रारंभ कर दिया है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थी कल्याण न्यास, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और प्रस्फुटन ग्रामों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को शिविरों में प्रशिक्षण देने की योजना है। नर्मदा समग्र के सहयोग से माटी गणेश एवं सिद्ध गणेश अभियान भी संचालित किया गया, जिसे समाज में अच्छी प्रतिष्ठा मिली है। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत प्रस्फुटन ग्रामों में गंगा दशहरा पर प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नागर ने कहा कि परिषद सर्प अनुसंधान, सर्प संरक्षण और जनजागरूकता के क्षेत्र में भी काम कर रही है। इसके तहत प्रदेश के चार जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर प्रशिक्षित रेस्क्यूअर तैयार किए जा रहे हैं।
विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर
शासी निकाय सदस्य श्रीमती अजीता परमार ने मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को असाइनमेंट और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता विकसित करने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने फील्ड वर्क को प्राथमिकता देने और अधिक से अधिक लोगों को जनभागीदारी से जोड़ने की आवश्यकता बताई।
संभाग प्रभारी डॉ. सुनीता गुप्ता ने जिला एवं विकासखंड समन्वयकों को निर्देश दिए कि विभिन्न जयंतियों, अभियानों और गतिविधियों से संबंधित प्रतिवेदन नियमित रूप से एमआईएस पोर्टल पर अपलोड कर वरिष्ठ कार्यालय को भेजें। उन्होंने विकासखंड स्तर पर नियमित समीक्षा करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में देवेंद्र शर्मा, रत्नेश विजयवर्गीय, तृप्ति बैरागी, नवनीत रत्नाकर, सुप्रीति यादव, जय दीक्षित, विष्णु नागर सहित संभाग के सभी विकासखंड समन्वयक उपस्थित रहे। अंत में नीमच जिला समन्वयक नवनीत रत्नाकर ने आभार व्यक्त किया।
.webp)
.webp)
.webp)