भेरूंदा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट का किया स्वागत, सीहोर क्षेत्र की 3 हजार करोड़ की परियोजना जल्द पूरी कराने की रखी मांग
धीरज साहू , सीहोर। विधानसभा क्षेत्र सीहोर के किसानों को जल्द ही नर्मदा जल सिंचाई परियोजना का लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने करीब 3 हजार करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजना को किसानों के हित में शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया है। यह बात विधायक सुदेश राय ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद कही।
गुरुवार को सीप अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करने भेरूंदा पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट का विधायक सुदेश राय ने गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री से संक्षिप्त चर्चा करते हुए सीहोर विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रस्तावित नर्मदा जल सिंचाई परियोजना को जल्द पूरा कराने का आग्रह किया।
विधायक राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रयासों से सीहोर विधानसभा क्षेत्र को मिली नर्मदा जल सिंचाई परियोजना किसानों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। परियोजना का काम प्रगति पर है और जल्द ही क्षेत्र के किसानों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। इससे कृषि उत्पादन में सुधार आएगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। सिंचाई सुविधा का विस्तार होने से क्षेत्र में खेती की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।
इस अवसर पर विधायक सुदेश राय ने मंच पर उपस्थित सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव सहित अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं का अभिवादन किया।
.webp)