1959 से लागू नियमों में होगा व्यापक बदलाव, राजस्थान और पुडुचेरी की व्यवस्था का अध्ययन; साइबर अपराध, फोरेंसिक और आपदा प्रबंधन के प्रावधान भी होंगे शामिल
भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार ने नया पुलिस रेगुलेशन तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। केंद्र सरकार के स्तर पर ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (बीपीआरएंडडी) द्वारा मॉडल पुलिस एक्ट तैयार किया जा रहा है, लेकिन इसके लागू होने से पहले ही मध्यप्रदेश अपना नया पुलिस रेगुलेशन तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इसके लिए पुलिस मुख्यालय की सीआईडी शाखा ने अन्य 26 शाखाओं से सुझाव मांगे हैं। नए नियम तैयार करने के लिए पुलिस मुख्यालय की टीम राजस्थान और पुडुचेरी के पुलिस रेगुलेशन, सेवा नियमों और कार्यप्रणाली से जुड़े मैनुअल का अध्ययन भी कर चुकी है। इन दोनों राज्यों में आधुनिक पुलिसिंग की जरूरतों के अनुसार नियमों को अपडेट किया गया है।
प्रदेश का नया पुलिस रेगुलेशन तैयार होने के बाद केंद्र सरकार का मॉडल पुलिस एक्ट आने पर उसके प्रावधानों का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद मध्यप्रदेश की परिस्थितियों और जरूरतों के अनुसार आवश्यक बदलाव किए जा सकेंगे।
1959 के रेगुलेशन में अब बड़े बदलाव की जरूरत
मध्यप्रदेश में मौजूदा पुलिस रेगुलेशन वर्ष 1959 से लागू है। इसमें ब्रिटिशकालीन पुलिस व्यवस्था से जुड़े कई प्रावधान अब भी मौजूद हैं। समय के साथ कानून और पुलिसिंग की कार्यप्रणाली में बड़े बदलाव हुए हैं, लेकिन रेगुलेशन के कई प्रावधान उसी पुराने ढांचे पर आधारित हैं।
वर्ष 1973 में दंड प्रक्रिया संहिता में बदलाव होने के बावजूद पुलिस रेगुलेशन में कई पुराने प्रावधान बने रहे। वर्ष 2023 में इसमें अंतिम संशोधन किया गया था। अब भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू होने के बाद पुलिस मुख्यालय को मौजूदा नियमों में व्यापक बदलाव की आवश्यकता महसूस हो रही है।
साइबर अपराध से लेकर फोरेंसिक तक के नियम होंगे शामिल
नए पुलिस रेगुलेशन में आधुनिक अपराधों और तकनीकी बदलावों को ध्यान में रखते हुए कई नए प्रावधान शामिल किए जाने की तैयारी है। इनमें साइबर अपराधों की जांच, साइबर फोरेंसिक और फोरेंसिक प्रयोगशालाओं से संबंधित नियम प्रमुख होंगे।
इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं और मानवजनित संकटों के दौरान पुलिस की भूमिका को अधिक स्पष्ट किया जाएगा। आपदा प्रबंधन से जुड़े प्रावधानों के साथ पुलिसकर्मियों के कल्याण और सेवा संबंधी विषयों को भी नए रेगुलेशन में जगह देने की तैयारी है।
26 शाखाओं से मांगे सुझाव
पुलिस मुख्यालय की सीआईडी शाखा ने नए रेगुलेशन का प्रारूप तैयार करने के लिए 26 अन्य शाखाओं से सुझाव मांगे हैं। इसका उद्देश्य पुलिस की अलग-अलग इकाइयों की जरूरतों और व्यावहारिक समस्याओं को नए नियमों में शामिल करना है।
नए रेगुलेशन में जांच प्रक्रिया, प्रशासनिक व्यवस्था, पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियों और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से जुड़े प्रावधानों को भी व्यवस्थित किया जा सकता है।
केंद्रीय मॉडल एक्ट आने पर होंगे जरूरी संशोधन
केंद्र सरकार का मॉडल पुलिस एक्ट तैयार होने के बाद मध्यप्रदेश अपने प्रस्तावित रेगुलेशन का उससे मिलान करेगा। यदि केंद्रीय मॉडल में ऐसे प्रावधान सामने आते हैं, जो प्रदेश की पुलिस व्यवस्था के लिए उपयोगी होंगे, तो उन्हें भी शामिल किया जा सकेगा।
इस पूरी कवायद को प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को ब्रिटिशकालीन नियमों से बाहर निकालकर आधुनिक कानूनों, तकनीक और वर्तमान समय की चुनौतियों के अनुरूप बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
.webp)