खातेगांव में विकासखंड स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित, विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
तेजाराम साहू ,खातेगांव। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर समग्र शिक्षा अभियान के तत्वावधान में जनपद शिक्षा केंद्र खातेगांव में विकासखंड स्तरीय दिव्यांग (CWSN) छात्र-छात्राओं की खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता उत्साह और उमंग के साथ आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे दिव्यांग बच्चों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और हुनर का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर दौड़, कुर्सी दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, रंगोली, चित्रकला, गायन और नृत्य सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। उनकी प्रस्तुतियों और खेल प्रतिभा पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र चौधरी मुख्य अतिथि, भाजपा विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र राजावत अध्यक्ष तथा पार्षद गोविंद गौरा एवं अंशु चौबे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नरेंद्र चौधरी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चे दिव्यांग नहीं, बल्कि दिव्य अंग वाले हैं। उनकी हिम्मत, आत्मविश्वास और मुस्कान ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। बच्चों ने जिस उत्साह और लगन के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है, वह सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि हार-जीत से ऊपर उठकर प्रतियोगिता में सहभागिता करना ही सबसे बड़ी जीत है। उन्होंने बच्चों से खूब पढ़ने, खेलने और जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
एमआरसी प्रभारी शैलेंद्र उपाध्याय ने दिव्यांग विद्यार्थियों से संबंधित जानकारी साझा करते हुए उनके लिए संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं सुविधाओं के बारे में बताया।
प्रतियोगिताओं में इन प्रतिभागियों ने हासिल किए स्थान
100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में माध्यमिक विद्यालय गुजरगांव के शिवानंद पिता धर्मेंद्र ने प्रथम, प्राथमिक विद्यालय राजौर के कृष्ण पिता संतोष ने द्वितीय तथा सांदीपनि विद्यालय खातेगांव के वरुण पिता ब्रह्मानंद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
गोला फेंक प्रतियोगिता में माध्यमिक विद्यालय कांजीपुरा के बसंत पिता रामभरोस प्रथम, वरुण पिता ब्रह्मानंद द्वितीय तथा रोहन पिता सत्यनारायण तृतीय स्थान पर रहे। वहीं भाला फेंक प्रतियोगिता में शिवानंद, रोहन एवं अथर्व ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रंगोली प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय कोलारी की शिवानी पिता रामविलास ने प्रथम, प्राथमिक विद्यालय राजौर की जिया पिता संतोष ने द्वितीय तथा प्राथमिक विद्यालय खारदा की मीणा पिता मुकेश ने तृतीय स्थान हासिल किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय गुजरगांव की नंदिनी पिता राधेश्याम ने प्रथम, रोहन पिता सत्यनारायण ने द्वितीय तथा प्राथमिक विद्यालय बरड़ा के भूपेंद्र पिता सत्यनारायण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पुरस्कार पाकर खिले बच्चों के चेहरे
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को स्कूल बैग, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को पानी की बोतल तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को कॉपी एवं पेन देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप कॉपियां वितरित की गईं। आयोजन में सभी प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामदेव सरलाम, बीएसी श्रीमती भारती चौहान, जनशिक्षक बलराम पुरोहित, गजानंद यादव, गिरीश शर्मा, दिलीप माहेश्वरी, नारायण तिवारी, अशोक भास्कर, मूलचंद बसोदिया, तुलसीराम मंडराए, खेल शिक्षक गणेश यादव, शिव पंवार, शेख शरीफ खान, राजीव बहोर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जनशिक्षक राजकुमार पुरोहित ने किया तथा आभार प्रदर्शन बीआरसीसी गंगा प्रसाद मालवीय ने किया।
.webp)
.webp)
.webp)