फर्जी मैसेज भेजकर वाहन चालकों को बना रहे निशाना, परिवहन विभाग के नाम से भेजे जा रहे संदिग्ध लिंक
भोपाल। ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर मोबाइल फोन पर ई-चालान का मैसेज आना आम बात है, लेकिन अब साइबर ठग इसी व्यवस्था का फायदा उठाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। जालसाज परिवहन विभाग और एम-परिवहन के नाम से फर्जी ई-चालान मैसेज भेजकर वाहन चालकों को ठगी के जाल में फंसा रहे हैं। इन मैसेज में चालान की राशि जमा करने के लिए संदिग्ध लिंक दिया जाता है। जैसे ही कोई व्यक्ति लिंक पर क्लिक कर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाता है, उसके बैंक खाते से रकम निकाले जाने का खतरा बढ़ जाता है। साइबर पुलिस ने नागरिकों को ऐसे मैसेज और अनजान लिंक से सतर्क रहने की अपील की है।
दरअसल, शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लगे कैमरों के माध्यम से यातायात नियमों की निगरानी की जाती है। नियमों का उल्लंघन होने पर वाहन मालिकों को ऑनलाइन चालान भेजा जाता है। इसी व्यवस्था का फायदा उठाकर साइबर अपराधी सरकारी विभागों के नाम और आधिकारिक प्रक्रिया जैसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। आमतौर पर लोग चालान का मैसेज वास्तविक मान लेते हैं और बिना पुष्टि किए उसमें दिए गए लिंक को खोल लेते हैं। ठग इसी भरोसे का फायदा उठाकर उनकी बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल करने या खाते से रकम निकालने की कोशिश करते हैं।
परिवहन विभाग के नाम से भेज रहे फर्जी लिंक
क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी शैलेन्द्र सिंह चौहान के मुताबिक साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं, हालांकि अधिकांश मामलों में उनका मूल तरीका लोगों को किसी लिंक पर क्लिक करने के लिए प्रेरित करना या फोन के जरिए ओटीपी हासिल करना होता है। ई-चालान के नाम पर सामने आया ठगी का तरीका भी इसी कड़ी का हिस्सा है।
जालसाज परिवहन विभाग के नाम से मैसेज भेजकर वाहन का चालान कटने की जानकारी देते हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन भुगतान का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाता है। मैसेज में एम-परिवहन का नाम और सरकारी प्रक्रिया जैसी भाषा का इस्तेमाल किए जाने से लोग इसे असली समझ बैठते हैं। इसके बाद संदिग्ध लिंक खोलकर भुगतान की प्रक्रिया में शामिल हो जाते हैं, जिससे उनके साथ आर्थिक धोखाधड़ी हो सकती है।
संदिग्ध मोबाइल नंबरों पर होगी संयुक्त कार्रवाई
साइबर अपराधों में फर्जी सिम कार्ड और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। इस समस्या से निपटने के लिए राज्य साइबर पुलिस ने दूरसंचार विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई की पहल की है। इसके तहत संदिग्ध मोबाइल नंबरों और उनके दुरुपयोग से संबंधित जानकारियां दोनों विभागों के बीच साझा की जाएंगी।
हाल ही में राज्य साइबर मुख्यालय और दूरसंचार विभाग के प्रदेश स्तरीय अधिकारियों के बीच हुई बैठक में इस संबंध में सहमति बनी है। तय किया गया कि दूरसंचार विभाग मोबाइल नंबरों के दुरुपयोग से जुड़ी सूचनाएं राज्य साइबर सेल को उपलब्ध कराएगा। इन जानकारियों के आधार पर साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे मोबाइल नंबरों की पहचान कर संबंधित लोगों और नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी।
इस पहल का उद्देश्य केवल ठगी की शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि साइबर अपराधों में इस्तेमाल हो रहे संदिग्ध मोबाइल नंबरों को समय रहते चिह्नित करना भी है। इससे फर्जी सिम कार्ड और मोबाइल कनेक्शन के जरिए संचालित हो रहे ठगी के नेटवर्क पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
भोपाल में दस महीने में 36 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी
राजधानी में साइबर अपराधों का बढ़ता ग्राफ चिंता का विषय बना हुआ है। जागरूकता अभियान और लगातार चेतावनियों के बावजूद लोग साइबर ठगों के जाल में फंसकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं। जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच अकेले भोपाल में साइबर ठगी की 4,395 शिकायतें दर्ज की गईं। इन मामलों में लोगों को 36 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक चपत लगी है।
ये आंकड़े बताते हैं कि साइबर अपराध अब किसी विशेष वर्ग तक सीमित नहीं रह गया है। सरकारी विभागों के नाम पर फर्जी मैसेज, नौकरी का झांसा, निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच और ऑनलाइन भुगतान के संदिग्ध लिंक के जरिए आम नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है।
ऐसे बचें ई-चालान के नाम पर होने वाली ठगी से
मोबाइल पर आए किसी भी अनजान ई-चालान लिंक पर सीधे क्लिक न करें।
चालान की वास्तविक स्थिति की पुष्टि आधिकारिक परिवहन विभाग या ई-चालान पोर्टल से ही करें।
किसी अनजान लिंक पर बैंक खाते, डेबिट-क्रेडिट कार्ड या अन्य वित्तीय जानकारी दर्ज न करें।
फोन या मैसेज पर किसी के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंकिंग पासवर्ड साझा न करें।
संदिग्ध मैसेज मिलने पर संबंधित विभाग के आधिकारिक माध्यम से उसकी पुष्टि करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करें।
.webp)