शुगर फैक्ट्री चौराहे से रेलवे स्टेशन तक त्यागी बाबा मार्ग और लुनिया चौराहे तक लव-कुश मार्ग होगा नाम
धीरज साहू , सीहोर। नगर पालिका परिषद सीहोर के सम्मेलन में शहर के विकास, निर्माण कार्यों और पुनरीक्षित बजट वर्ष 2026-27 सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में एजेंडे के सभी 17 बिंदुओं को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में शुगर फैक्ट्री चौराहे से रेलवे स्टेशन तक के मार्ग का नाम श्री त्यागी बाबा मार्ग तथा शुगर फैक्ट्री चौराहे से लुनिया चौराहे तक के मार्ग का नाम लव-कुश मार्ग रखने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा अन्नपूर्णा धाम फेस-2, गजकेसरी कॉलोनी और उमाशंकर धाम को नगर पालिका में शामिल करने का निर्णय लिया गया। इन कॉलोनियों में विद्युत संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अब नगर पालिका संभालेगी।
बैठक में मंडी माता मंदिर चौराहे से नरसिंहगढ़ नाके तक सीसी रोड निर्माण, वार्ड क्रमांक 31 के जमशेद नगर में पुल निर्माण तथा पुनरीक्षित बजट 2026-27 पर भी चर्चा हुई।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि शहर का सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता है। सभी पार्षदों के सहयोग से प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर आगे बढ़ाया जाएगा।
सम्मेलन में सीएमओ सुधीर सिंह, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर विजय कोहली सहित पार्षदगण एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
