मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर जताया संतोष, दोनों रसोइयों को 500-500 रुपये देकर किया पुरस्कृत
धीरज साहू, सीहोर। क्षेत्रीय विधायक सुदेश राय ने आज शासकीय माध्यमिक शाला बीजोरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों को दिए जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। भोजन अच्छा पाए जाने पर विधायक ने शाला परिवार की सराहना करते हुए रसोइयों को 500-500 रुपये की राशि देकर पुरस्कृत किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिवनारायण गौर ने विधायक के समक्ष विद्यार्थियों की सुविधा के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने की मांग रखी। विधायक सुदेश राय ने इस मांग को तत्काल स्वीकार करते हुए शीघ्र ही विद्यालय में फर्नीचर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इससे विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
विधायक के औचक निरीक्षण और विद्यालय की आवश्यकताओं के प्रति सकारात्मक पहल पर शाला परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय परिवार ने विधायक सुदेश राय का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। साथ ही उम्मीद जताई कि फर्नीचर उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
