तेजाराम साहू भोपाल। राजधानी भोपाल के ISBT बस स्टैंड पर रविवार शाम खड़ी बसों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने आसपास खड़ी अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वर्मा ट्रेवल्स की करीब आठ बसें प्रभावित हुईं। बस संचालक ने करीब 4 से 5 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
दो-तीन बसों से शुरू हुई आग, दूसरी बसों तक पहुंची लपटें
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले दो से तीन बसों में दिखाई दी। इसके बाद लपटें आसपास खड़ी बसों तक फैल गईं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ऑफिसर सौरभ पटेल के मुताबिक, दमकल की 10 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
कई शहरों के लिए रवाना होने वाली थीं बसें
आग से प्रभावित बसें बालाघाट, सिवनी, इंदौर, नागपुर, अहमदाबाद और सूरत सहित विभिन्न मार्गों पर संचालित होने वाली थीं। घटना के समय बसें खाली खड़ी थीं, इसलिए किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं मिली। हादसे के बाद प्रभावित बसों में बुकिंग कराने वाले यात्रियों की यात्राएं रद्द करनी पड़ीं।
आसपास खड़े थे ऑयल टैंकर, कारण अब भी स्पष्ट नहीं
घटनास्थल के आसपास ऑयल टैंकर भी खड़े होने की जानकारी सामने आई है। वर्मा ट्रेवल्स के संचालक दीपक वर्मा ने नुकसान का अनुमान बताते हुए कहा कि आग लगने की वजह अभी पता नहीं चल पाई है। उन्होंने किसी से दुश्मनी होने की बात से भी इनकार किया। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
ISBT से हर घंटे बड़ी संख्या में बसों का संचालन होता है। ऐसे में इस घटना से बस सेवाओं और यात्रियों की आवाजाही पर भी असर पड़ा। फिलहाल नुकसान का अंतिम आकलन और आग लगने के कारणों की पुष्टि होना बाकी है।
