खस्ता खेड़ी के युवक मनीष मेवाड़ा की हमीदिया अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
हेमंत त्रिपाठी, अहमदपुर। सीहोर जिले की श्यामपुर तहसील अंतर्गत थाना अहमदपुर क्षेत्र के ग्राम खस्ता खेड़ी में एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनीष मेवाड़ा पिता कुमेर सिंह मेवाड़ा (उम्र लगभग 20-25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोटावेटर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसे उपचार के लिए भोपाल हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर थाना अहमदपुर पहुंचे और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने पुलिस को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया कि घटना के दिन मनीष मेवाड़ा को श्यामपुर से बुलाया गया था, जबकि वह अपने निजी कार्य से बाहर गया हुआ था। उनका कहना है कि दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच हुई इस घटना की जानकारी परिवार के किसी सदस्य को तत्काल नहीं दी गई।
परिजनों के अनुसार, मनीष को उसके घर के सामने से ले जाया गया था, लेकिन शाम तक परिवार को इस संबंध में कोई सूचना नहीं मिली। बाद में गांव के लोगों से पता चला कि उसे गंभीर हालत में भोपाल ले जाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि समय पर सूचना दी जाती तो परिवार भी तत्काल अस्पताल पहुंच सकता था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब कृषि कार्य के दौरान मनीष रोटावेटर की चपेट में आ गया। दुर्घटना में उसका एक पैर मशीन में फंस गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ती गई और अंततः उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के समय ट्रैक्टर बलराम सिंह द्वारा चलाया जा रहा था। हालांकि मनीष रोटावेटर की चपेट में कैसे आया और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी अहमदपुर रमन सिंह ठाकुर ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी यदि किसी की लापरवाही या दोष सामने आता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
