रोटरी क्लब सीहोर के सहयोग से मथुरा के दिव्यांग युवक को मिले कृत्रिम हाथ

SANDEEP SAHU
0

राजेश काशीव एवं डॉ. गौरव ताम्रकार के प्रयासों से दिव्यांग सदन सिंह को मिला नया जीवन, रोटरी क्लब सीहोर का सराहनीय सहयोग

With-the-help-of-Rotary-Club-Sehore-a-disabled-youth-from-Mathura-got-a-prosthetic-hand.

धीरज साहू, सीहोर। मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में रोटरी क्लब सीहोर लगातार प्रेरणादायी कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में क्लब के सहयोग से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के भंडारवन निवासी दिव्यांग सदन सिंह को कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराए गए। दोनों हाथ दुर्घटना में खो चुके सदन सिंह के लिए यह सहायता किसी नए जीवन से कम नहीं है। कृत्रिम हाथ लगने के बाद वे स्वयं पानी पीने, पेन पकड़ने और दैनिक कार्य करने में सक्षम हुए, जिससे उनके चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया।

जनवरी माह में पारिवारिक यात्रा के दौरान समाजसेवी राजेश काशीव की मुलाकात सदन सिंह से हुई थी। उनकी स्थिति से प्रभावित होकर उन्होंने कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। इस कार्य में डॉ. गौरव ताम्रकार ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया और पूरे अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रोटरी क्लब सीहोर के अध्यक्ष रोटेरियन मधुर विजयवर्गीय के नेतृत्व में सचिव रोटेरियन कपिल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रोटेरियन विपुल चांडक, रोटेरियन रघुनंदन निगोदिया तथा रोटेरियन डॉ. आशुतोष शर्मा सहित क्लब के सभी सदस्यों ने इस मानवीय पहल में सहयोग दिया। क्लब के सदस्यों ने न केवल आर्थिक सहयोग किया बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई।

इसके बाद राजेश काशीव और डॉ. गौरव ताम्रकार मथुरा के भंडारवन पहुंचे, जहां ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सदन सिंह को कृत्रिम हाथ लगाए गए। यह भावुक क्षण तब और विशेष बन गया जब सदन सिंह ने पहली बार अपने नए हाथों से पानी पिया और लिखकर दिखाया। उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

रोटरी क्लब सीहोर लंबे समय से स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, दिव्यांग सहायता, स्वच्छता जागरूकता तथा जरूरतमंदों की मदद जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। क्लब के सदस्य सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के कमजोर वर्गों तक सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। क्लब की विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों का लाभ समय-समय पर सैकड़ों लोगों को मिलता रहा है।

ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने कहा कि किसी दिव्यांग व्यक्ति को फिर से आत्मनिर्भर बनाना सबसे बड़ी सेवा है। रोटरी क्लब सीहोर, राजेश काशीव और डॉ. गौरव ताम्रकार के संयुक्त प्रयासों ने सदन सिंह के जीवन में नई उम्मीद, आत्मविश्वास और सम्मान का संचार किया है। इस सराहनीय कार्य की सीहोर से लेकर मथुरा तक व्यापक प्रशंसा हो रही है। रोटरी क्लब सीहोर ने भविष्य में भी इसी प्रकार मानव सेवा और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top