राज्यपाल पटेल ने खरगोन के झिरन्या में एंबुलेंस एवं ब्लड बैंक की सौगात दी
लखनलाल पगारे खरगोन। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रविवार को खरगोन के झिरन्या में सिकलसेल शिविर के दौरान ब्लड बैंक का शुभारंभ करते हुए स्वास्थ्य विभाग को दो नवीन एंबुलेंस और एक शव वाहन प्रदान किया है। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने जनजाति समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक सिकलसेल बीमारी के उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को पाने के लिए मरीजों के उपचार के साथ-साथ जनजागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है। राज्यपाल पटेल ने रंजना एवं संजना को सिकलसेल प्रमाण पत्र प्रदान किये। वहीं क्षय रोगी थावली बाई व बिल्लोर को फूड बास्केट भेंट की। कार्यक्रम में पंधाना की विधायक छाया मोरे, खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार, महेश्वर विधायक राजकुमार मेव, जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती नंदा ब्राह्मणे,कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।
धरती आबा के तहत जनजाति क्षेत्रो में विकास लगातार
राज्यपाल पटेल ने कहा कि "प्रधानमंत्री जनमन योजना" के तहत भी जनजाति बहुल क्षेत्रों में विकास कार्य लगातार जारी हैं। "धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना" के तहत जनजातीय क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम जनजातीय क्षेत्र के ग्रामों के लिए वरदान सिद्ध हुआ है।
राज्यपाल श्री पटेल ने इस अवसर पर कहा कि टीबी रोग का बेहतर उपचार अब उपलब्ध है। मरीज यदि 6 माह तक नियमित रूप से दवाई ले, तो टीबी रोग ठीक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सिकलसेल रोग अनुवांशिक रोग है। इसकी जांच गर्भावस्था में भी संभव है। बच्चों के गर्भावस्था के दौरान भी सिकल सेल रोग का उपचार प्रारंभ किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि "सिकलसेल मित्र" इस बीमारी के मरीजों की मदद में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सभी सिकलसेल मरीजों के डिजिटल कार्ड बनाए गए हैं। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि एलोपैथिक पद्धति के साथ-साथ आयुर्वेद में भी सिकलसेल रोग का बेहतर उपचार उपलब्ध है।
राज्यपाल पटेल ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "मन की बात" कार्यक्रम को भी सुना।
राज्यपाल श्री पटेल ने कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा विकास योजनाओं के प्रदर्शन के लिए लगाए गए स्टाल पर जाकर उपस्थित अधिकारियों से विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने पल्स पोलियो अभियान के तहत कुमारी आस्था को पोलियोरोधी दवाई पिलाई।
राज्यपाल पटेल ने मारूगढ़ निवासी कालू के प्रधानमंत्री आवास में बैठकर किया भोजन
राज्यपाल पटेल ने रविवार को खरगोन जिले के झिरन्या विकासखंड की ग्राम पंचायत शाहपुर के ग्राम मारूगढ़ निवासी कालू पिता रतन के प्रधानमंत्री आवास में बैठकर भोजन किया। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को इस अवसर पर शुभकामनाएं दी और बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।
इससे पूर्व सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने स्वागत संबोधन में कहा कि झिरनिया में 1500 करोड रुपए लागत की उदवहन सिंचाई योजना प्रदेश सरकार ने स्वीकृत की है, जिसके पूर्ण होने पर इस क्षेत्र के किसानों के जीवन में खुशहाली आएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गरीबों के कल्याण के लिए दिन-रात काम कर रही हैं, जिससे समाज के सबसे पिछड़े वर्ग तक सरकार की योजनाएं पहुंच रही हैं और गरीबों के जीवन में खुशहाली आ रही है।

