धीरज साहू, सीहोर। राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर लायंस क्लब सीहोर सिद्धपुर द्वारा नगर के वरिष्ठ एवं युवा चिकित्सकों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 01 जुलाई बुधवार को शाम 4 बजे होटल ब्लू स्टार भोपाल नाका सीहोर में होगा। लायंस क्लब के वाइस प्रेसिडेंट एवं कार्यक्रम संयोजक लायन डॉ. अभिषेक शर्मा ने बताया कि इस गौरवपूर्ण आयोजन में पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य एवं आशीर्वचनों से चिकित्सकों का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन होगा। क्लब के प्रेसिडेंट लायन अजय राय ने कहा चिकित्सा जगत में डॉक्टरों का अमूल्य योगदान है। कोरोना काल में भी डॉक्टरों ने अपनी जान की परवाह किए बिना निस्वार्थ सेवा दी। समाज के प्रति उनके समर्पण को नमन करने के लिए लायंस क्लब यह सम्मान समारोह कर रहा है। समारोह में सीहोर नगर के सरकारी एवं निजी अस्पतालों के वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ युवा डॉक्टरों को भी सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले डॉक्टरों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किए जाएंगे।