धीरज साहू, सीहोर। सामाजिक संस्था "टीम संडे का सुकून" के सदस्यों ने भोपाल संभाग (देहात) के डीआईजी राजेश सिंह चंदेल से शिष्टाचार भेंट कर संस्था द्वारा सीहोर जिले में संचालित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों और जनहित कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की।
इस अवसर पर टीम के सदस्यों ने डीआईजी चंदेल को संस्था के प्रमुख अभियान "सुकून की रसोई" कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। डीआईजी चंदेल ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि समाजहित में किए जा रहे ऐसे सराहनीय कार्यों से जुड़ना उनके लिए सम्मान की बात होगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही सीहोर पहुंचकर इस कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
करीब एक घंटे तक चली इस आत्मीय चर्चा के दौरान डीआईजी चंदेल ने टीम संडे का सुकून द्वारा जरूरतमंदों, गरीबों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने टीम को भविष्य में सामाजिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक स्तर पर संचालित करने के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
टीम के सदस्यों ने डीआईजी चंदेल का आभार व्यक्त करते हुए समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।
