धीरज साहू, सीहोर। नगर पालिका परिषद सीहोर के सभागार में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 25 हितग्राहियों का सम्मान किया गया तथा डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चयनित हितग्राहियों को बारकोड एवं साउंड बॉक्स (स्पीकर) वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से नगर पालिका परिषद सीहोर क्षेत्र के 5 हजार से अधिक रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों एवं छोटे व्यापारियों को लाभान्वित किया जा चुका है। योजना के तहत पहले चरण में 10 हजार, दूसरे में 20 हजार तथा समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को तीसरे चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
महोत्सव में तीनों चरणों का लाभ प्राप्त करने वाले हितग्राहियों का विशेष सम्मान किया गया। इंदिरा नगर की बबीता लोधी एवं मंडी क्षेत्र के ओमप्रकाश सेन को 50-50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों के लिए वरदान साबित हुई है, जिससे हजारों परिवार आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बने हैं। कार्यक्रम में सीएमओ सुधीर सिंह, नितिन तिवारी, जागृति चौहान सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
