भोपाल में अवैध नशीली कफ सिरप फैक्ट्री पर STF का बड़ा छापा

SANDEEP SAHU
0

गांधी नगर इलाके से 700 से ज्यादा पेटियां जब्त, 10 लोग हिरासत में; डेढ़ करोड़ का नेटवर्क उजागर

STF-conducts-major-raid-on-illegal-cough-syrup-factory-in-Bhopal.

भोपाल। राजधानी भोपाल के गांधी नगर इलाके में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध नशीली कफ सिरप फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। STF ने डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी स्थित एक मकान पर छापा मारकर 700 से अधिक पेटियां, बड़ी संख्या में कफ सिरप की बोतलें और पैकेजिंग मशीनें जब्त की हैं। मामले में 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

STF-conducts-major-raid-on-illegal-cough-syrup-factory-in-Bhopal.

अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई गुरुवार देर रात करीब 12 बजे शुरू हुई, जो शुक्रवार सुबह लगभग 3 बजे तक चली। बरामद सामग्री और मशीनों सहित पूरे अवैध सेटअप की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए आंकी जा रही है।

दो कमरों में चल रही थी अवैध फैक्ट्री

STF-conducts-major-raid-on-illegal-cough-syrup-factory-in-Bhopal.

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मकान के दो अलग-अलग कमरों में “ऑफ कफ” नाम से अवैध नशीली कफ सिरप तैयार की जा रही थी। मौके से बड़ी मात्रा में कफ सिरप के कॉर्टन, बोतलें और पैकेजिंग सामग्री बरामद हुई है। STF ने कफ सिरप के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए हैं।

जांच एजेंसी को आशंका है कि कफ सिरप में नशीले तत्व मिलाकर उसे अवैध रूप से बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी है।

पैकेजिंग मशीन और अन्य उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान मकान से पैकेजिंग मशीन और निर्माण में उपयोग होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए गए हैं। STF अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार का नेटवर्क किन लोगों तक फैला हुआ है और प्रदेश के किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।

स्थानीय पुलिस को नहीं थी कार्रवाई की जानकारी

STF अधिकारियों के मुताबिक, लंबे समय से गांधी नगर क्षेत्र से अवैध नशीली कफ सिरप की सप्लाई की सूचना मिल रही थी। गुप्त जांच और निगरानी के बाद यह कार्रवाई की गई। खास बात यह रही कि छापेमारी की जानकारी स्थानीय गांधी नगर पुलिस को भी नहीं दी गई थी। कार्रवाई के दौरान STF के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

मकान मालिक की भूमिका की भी संदिग्ध 

जिस मकान में अवैध फैक्ट्री संचालित की जा रही थी, वह किसी मालवीय नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक मकान मालिक से संपर्क नहीं हो सका था। STF अब मकान मालिक की भूमिका और नेटवर्क से उसके संबंधों की भी जांच कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर आने वाले दिनों में इस अवैध नेटवर्क से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top