भीषण गर्मी में भोपाल में गहराया बिजली-पानी संकट

SANDEEP SAHU
0


करोंद में फिर फूटी कोलार पाइप लाइन, मंत्री विश्वास सारंग ने मौके पर पहुंचकर अफसरों को लगाई फटकार

Bhopal-faces-severe-heat-water-and-power-crisis.

भोपाल। राजधानी भोपाल में भीषण गर्मी के बीच बिजली और पानी का संकट लगातार गहराता जा रहा है। शहर में जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, वहीं दूसरी ओर बिजली कटौती और बार-बार पाइप लाइन फूटने से आमजन परेशान हैं। शुक्रवार को करोंद इलाके में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान कोलार पाइप लाइन फूट गई, जिससे करीब एक लाख आबादी की जलापूर्ति प्रभावित हो गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान एनएचएआई, जिला प्रशासन, नगर निगम और मेट्रो कॉरपोरेशन के अधिकारी भी मौजूद रहे।

15 दिन में 14वीं बार टूटी पाइप लाइन

Bhopal-faces-severe-heat-water-and-power-crisis.


जानकारी के अनुसार, करोंद चौराहे के पास गुरुवार सुबह मेट्रो की खुदाई के दौरान कोलार पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके कारण पुराने भोपाल के कई हिस्सों में पानी की सप्लाई पूरी तरह प्रभावित हो गई। शुक्रवार को करोंद समेत करीब एक लाख लोगों तक पानी नहीं पहुंच सका।

बताया जा रहा है कि बीते 15 दिनों में मेट्रो और एनएचएआई की खुदाई के दौरान यह 14वीं बार पाइप लाइन फूटने की घटना है। लगातार हो रही इन घटनाओं से शहर में जल संकट गहरा गया है।

मंत्री सारंग बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

निरीक्षण के दौरान मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि अयोध्या बायपास का 10 लेन सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन ठेकेदारों की लापरवाही के कारण बार-बार पेयजल पाइप लाइन टूट रही है। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी योजना और समन्वय के साथ किया जाए ताकि जनता को परेशानी न हो। साथ ही निर्देश दिए गए कि लाइन सुधार कार्य पूरा होने तक प्रभावित इलाकों में टैंकरों के जरिए पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

आरिफ नगर में भी फूटी पाइप लाइन

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, बैरसिया रोड स्थित आरिफ नगर के पास भोपाल मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान कोलार फीडर की 400 एमएम व्यास की डीआई लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते एलआईजी, नारियलखेड़ा, पिंजोमल, चौकसे नगर, जेपी नगर, आरिफ नगर, डीआईजी चौराहा, रेशम केंद्र और टीला जमालपुरा सहित कई इलाकों में जलप्रदाय व्यवस्था प्रभावित हुई है।

मेट्रो प्रबंधन को नोटिस देगा नगर निगम

नगर निगम ने कहा है कि भोपाल मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के दौरान बार-बार पाइप लाइन फूटने की घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है। निगम अब मेट्रो प्रबंधन को नोटिस जारी करेगा और जुर्माने की कार्रवाई भी करेगा।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, निर्माण एजेंसियों को पहले से निर्देश दिए गए थे कि पानी और सीवेज लाइन की शिफ्टिंग पूरी होने के बाद ही खुदाई कार्य शुरू किया जाए। इसके बावजूद कई एजेंसियां बिना समन्वय के सीधे खुदाई शुरू कर रही हैं, जिससे पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और निगम को लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

NHAI पर भी उठे सवाल

अधिकारियों के मुताबिक, अयोध्या बायपास सड़क निर्माण के दौरान एनएचएआई पिछले 15 दिनों में 12 बार पानी की पाइप लाइन तोड़ चुका है। लाइन शिफ्टिंग के बिना की जा रही खुदाई के कारण बार-बार जल संकट की स्थिति बन रही है।

भीषण गर्मी के बीच पानी और बिजली संकट ने शहरवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। ऐसे में प्रशासन और निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top