तेजाराम साहू खातेगांव। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खातेगांव में बुधवार को विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस मनाया गया। इस दौरान किशोरी बालिकाओं और महिलाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।
उमंग स्वास्थ्य केंद्र की परामर्शदाता निशा राजपूत ने माहवारी स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए नियमित अंतराल पर सेनेट्री पैड बदलने, साफ-सफाई रखने एवं लापरवाही से होने वाली बीमारियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यदि सेनेट्री पैड उपलब्ध न हो तो साफ सूती कपड़े का उपयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. शुभम तिवारी ने किशोरी बालिकाओं को सेनेट्री पैड वितरित किए। इस अवसर पर डॉ. अजय मरमट, नरेंद्र गुर्जर, संतोष जाट, एसआर दुबे, रितेश रावत, पवन जाट सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ मौजूद रहा।

