आठ घंटे में पूरा होगा सफर, बुलेट ट्रेन से काशी से दिल्ली पहुंचने में लगेंगे साढ़े तीन घंटे: अश्विनी वैष्णव
बनारस। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बनारस रेलवे स्टेशन से वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने आधुनिक रेल सेवाओं को विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बुनियादी ढांचे और यातायात सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आधुनिक रेल सेवाएं देश की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से वाराणसी से नई दिल्ली का सफर करीब आठ घंटे में पूरा होगा। वहीं, प्रस्तावित बुलेट ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद काशी से दिल्ली की दूरी महज साढ़े तीन घंटे में तय की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वाराणसी की आबादी लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही यात्रियों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है और शहर का विस्तार तेजी से हो रहा है। ऐसे में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। नई रेल सेवा से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और वाराणसी तथा नई दिल्ली के बीच संपर्क और बेहतर होगा।
रात के सफर में मिलेगी आधुनिक सुविधा
वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत से यात्रियों को रातभर की यात्रा के दौरान आधुनिक और आरामदायक रेल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। इस सेवा से दोनों शहरों के बीच यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने और रेल परिवहन के आधुनिकीकरण को गति देने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में रेल मंत्री और मुख्यमंत्री ने आधुनिक रेल नेटवर्क को देश के विकास, आर्थिक गतिविधियों और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण बताया।
