पूर्व जिला जज होने के कारण आरोपी गिरिबाला सिंह के स्थानीय प्रभाव का हवाला, मृतका के पिता ने सुप्रीम कोर्ट में दायर की याचिका
भोपाल। ट्विषा शर्मा मौत मामले में निष्पक्ष सुनवाई को लेकर सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में गंभीर आशंका जताई है। जांच एजेंसी ने हलफनामा दाखिल कर कहा है कि मामले की मुख्य आरोपी और मृतका की सास गिरिबाला सिंह के पूर्व में जिला जज रहने के कारण भोपाल में मुकदमे की निष्पक्ष सुनवाई प्रभावित होने की आशंका है। सीबीआई के मुताबिक, स्थानीय स्तर पर उनके प्रभाव के चलते निचली अदालत की कार्यवाही और गवाहों पर दबाव पड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
सीबीआई ने अपने हलफनामे में आरोप लगाया है कि घटना के तुरंत बाद गिरिबाला सिंह ने घटनास्थल को अपने हिसाब से संभालने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने की कोशिश की थी। एजेंसी का मानना है कि इस स्थिति में मामले की सुनवाई ऐसी जगह होनी चाहिए, जहां किसी भी तरह के स्थानीय प्रभाव से मुक्त होकर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जा सके।
मृतका के पिता ने भी की ट्रायल स्थानांतरित करने की मांग
इस बीच, ट्विषा शर्मा के पिता ने भी सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर मामले की सुनवाई मध्य प्रदेश से बाहर किसी अन्य राज्य में स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली में ट्रायल कराए जाने को प्राथमिकता दी है।
निष्पक्ष सुनवाई पर टिकी निगाहें
मामले में अब सुप्रीम कोर्ट के समक्ष यह मुद्दा अहम है कि क्या मौजूदा परिस्थितियों में भोपाल में सुनवाई जारी रखना उचित होगा या मुकदमे को किसी अन्य राज्य में स्थानांतरित किया जाना चाहिए। हालांकि, ट्रायल के स्थानांतरण पर अंतिम निर्णय अदालत का होगा। मामले में निष्पक्ष सुनवाई, गवाहों की सुरक्षा और साक्ष्यों की विश्वसनीयता जैसे पहलू महत्वपूर्ण रहेंगे।
