1 से 25 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान, 71 हजार बूथों तक पहुंचेंगे कार्यकर्ता; संगठन की मजबूती के साथ जनता का मूड भी परखेंगे
भोपाल। मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अभी से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत पार्टी प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर अनुभवी और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को ‘सेवादूत’ के रूप में तैनात करेगी। ये सेवादूत 1 से 25 दिसंबर तक अपने निर्धारित विधानसभा क्षेत्रों में रहकर संगठन की स्थिति, बूथों की सक्रियता, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव का आकलन करेंगे।
इस अभियान का उद्देश्य केवल सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना नहीं, बल्कि संगठन की वास्तविक स्थिति का पता लगाना और आम लोगों के बीच पार्टी की पकड़ को समझना भी है। अभियान के लिए हाल ही में भाजपा प्रदेश कार्यालय में नर्मदापुरम, चंबल और भोपाल संभाग के विधानसभा समन्वयकों एवं सेवादूतों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राहुल खंडेलवाल और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अभियान की रूपरेखा समझाते हुए कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया। पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से भी अभियान के संचालन और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
71 हजार बूथों तक पहुंचेगा संगठन का संदेश
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राहुल खंडेलवाल ने कहा कि 25 दिनों के इस अभियान में संगठन का विस्तार और बूथ स्तर पर मजबूती प्रमुख प्राथमिकता रहेगी। प्रदेश के 1,313 मंडलों और लगभग 71 हजार बूथों तक सेवा, संवाद और संगठन का संदेश पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सेवादूत तीन प्रमुख संकल्पों के साथ जनता के बीच जाएंगे। इनमें सेवा कार्यों का विस्तार, संगठन को मजबूत करना और पार्टी के पक्ष में सकारात्मक नैरेटिव तैयार करना शामिल है।
सेवादूत प्रत्येक मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ तक पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम नागरिकों से भी संवाद करेंगे। इस दौरान स्थानीय परिस्थितियों, संगठन की सक्रियता, जनसमस्याओं और सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी।
छोटी विधानसभा में एक, बड़ी में दो सेवादूतों की जिम्मेदारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों को इस अभियान में शामिल किया गया है। छोटी विधानसभा क्षेत्रों में एक और बड़े विधानसभा क्षेत्रों में दो सेवादूतों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए भोपाल के अलावा जबलपुर और इंदौर में भी प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की गई हैं।
संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बताया कि सेवादूतों के रूप में वरिष्ठ, अनुभवी और संगठन की कार्यप्रणाली से परिचित कार्यकर्ताओं का चयन किया गया है। वे अपने निर्धारित क्षेत्रों में रहकर संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल और जनता से जुड़े मुद्दों की जमीनी हकीकत सामने लाएंगे।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें सरकारी योजनाओं का लाभ : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवादूतों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब कल्याण, विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर काम हुआ है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और जनधन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे बड़ी संख्या में लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। सेवादूतों की जिम्मेदारी है कि वे इन योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं और लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी समझें। उन्होंने राष्ट्रीय गौरव, सांस्कृतिक विरासत और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
संगठन की ताकत के साथ जनता का रुख भी जानेंगे
भाजपा का यह अभियान केवल सरकार की उपलब्धियों के प्रचार तक सीमित नहीं रहेगा। 25 दिनों के दौरान सेवादूत बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता, स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय, क्षेत्रीय नेतृत्व की भूमिका और जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता का भी आकलन करेंगे।
इसके साथ ही सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों के अनुभव और स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं की जानकारी भी जुटाई जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया से पार्टी को यह समझने में मदद मिलेगी कि किन क्षेत्रों में संगठन मजबूत है और कहां सुधार की जरूरत है।
राजनीतिक दृष्टि से भाजपा का यह अभियान आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की जमीनी स्थिति परखने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
.webp)