धीरज साहू, भोपाल। मध्यप्रदेश के ईकोपर्यटन क्षेत्र के लिए गौरव की उपलब्धि सामने आई है। सीहोर जिले में स्थित मध्यप्रदेश ईकोपर्यटन विकास बोर्ड के मगरपाठ ईको जंगल कैंप को इंडियन रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म अवॉर्ड्स (IRTA) 2026 में सिल्वर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। शिलांग (मेघालय) में 20 नवंबर 2026 को आयोजित समारोह में आउटलुक रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म की ओर से कैंप को ‘फ्यूचर फॉरवर्ड डेस्टिनेशन’ श्रेणी में यह सम्मान प्रदान किया गया।
सामुदायिक सहभागिता से बना ईकोपर्यटन का मॉडल
मध्यप्रदेश ईकोपर्यटन विकास बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एल. कृष्णमूर्ति ने बताया कि मगरपाठ ईको जंगल कैंप को सामुदायिक सहभागिता आधारित ईकोपर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है। इसके विकास कार्य तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. समीता राजोरा के मार्गदर्शन में किए गए। इस पहल में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक की भी भूमिका रही।
स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यहां ईकोपर्यटन समिति का गठन किया गया है। समिति के माध्यम से पर्यटन गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इससे ग्रामीण समुदाय को रोजगार और आजीविका के नए अवसर मिल रहे हैं। साथ ही स्थानीय लोगों की आर्थिक भागीदारी भी बढ़ी है।
स्थानीय युवाओं को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
मगरपाठ को जिम्मेदार और सतत ईकोपर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए स्थानीय समुदाय की क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत कुकिंग, हाउसकीपिंग, हॉस्पिटैलिटी, माउंटेनियरिंग और नेचर गाइडिंग सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन प्रयासों से स्थानीय लोगों को पर्यटन प्रबंधन के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और दक्ष बनाया गया।
स्थानीय समुदाय की भागीदारी से यहां ईकोपर्यटन का ऐसा मॉडल विकसित हुआ है, जिसमें प्रकृति संरक्षण के साथ ग्रामीण आजीविका को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
कोलार बांध के किनारे प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा है कैंप
भोपाल से लगभग 40 किलोमीटर दूर सीहोर जिले में स्थित मगरपाठ ईको जंगल कैंप प्राकृतिक सुंदरता के लिए खास पहचान रखता है। यह पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर टाइगर रिजर्व, रातापानी के बफर क्षेत्र के समीप कोलार बांध के किनारे स्थित है। चारों ओर फैले हरे-भरे जंगल, प्राकृतिक वनस्पति, वन्यजीव और मनोरम रिवर साइड व्यू पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।
यहां पर्यटक प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के साथ ट्रैकिंग जैसी गतिविधियों का भी अनुभव कर सकते हैं। स्थानीय समुदाय द्वारा संचालित यह स्थल प्रकृति संरक्षण और पर्यटन के माध्यम से ग्रामीण आजीविका को जोड़ने का उल्लेखनीय उदाहरण बनकर उभरा है।
प्रदेश के ईकोपर्यटन प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान
मध्यप्रदेश ईकोपर्यटन विकास बोर्ड और वन विभाग प्रदेश के विभिन्न वन क्षेत्रों में स्थानीय समुदाय की भागीदारी से ईकोपर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर विकसित करना है।
मगरपाठ ईको जंगल कैंप को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान मध्यप्रदेश में समुदाय आधारित, जिम्मेदार और सतत ईकोपर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान है।
पुरस्कार ग्रहण समारोह में मगरपाठ ईकोपर्यटन समिति की अध्यक्ष श्रीमती रामकी बाई, सीहोर वनमंडल की वनमंडलाधिकारी श्रीमती अर्चना पटेल तथा मध्यप्रदेश ईकोपर्यटन विकास बोर्ड की प्रबंधक सुश्री अर्चना दास उपस्थित रहीं।
.webp)