धीरज साहू, सीहोर। जिला मुख्यालय के समीप चितावलिया हेमा स्थित कुबेरेश्वरधाम में दीपावली पर्व आस्था और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। दीपोत्सव के अवसर पर पूरे धाम को रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक झालरों और विशेष सजावट से सजाया गया है। भव्य सजावट देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
धनतेरस पर भगवान मुरली मनोहर का विशेष अभिषेक-पूजन एवं श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा सहित विठलेश सेवा समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। पंडित मिश्रा ने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि दीपावली खुशियां बांटने का पर्व है। इसे जरूरतमंदों की सहायता कर मनाना चाहिए। उन्होंने सभी को सुख-समृद्धि और खुशहाली की शुभकामनाएं दीं।
पांच दिवसीय दीपोत्सव के अंतर्गत धाम में छोटी दीपावली, लक्ष्मी-कुबेर पूजन और गोवर्धन पूजा सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। आगामी 8 नवंबर को बाबा कुबेर भंडारी का विशेष अभिषेक-पूजन एवं खजाना पूजन किया जाएगा। वहीं अन्नकूट महोत्सव में भगवान को 56 और 108 प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया जाएगा। आयोजन को लेकर विठलेश सेवा समिति द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं।
