बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश
धीरज साहू , सीहोर। महिला एवं बाल विकास विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर हरिकृष्ण शर्मा ने सीहोर ग्रामीण परियोजना के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लसुडिया खास, लसूडिया धाकड़ एवं शाहपुर कोड़िया स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का दौरा कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट डायरेक्टर शर्मा ने केंद्रों में संचालित गतिविधियों, बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण और प्रारंभिक शिक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से केंद्रों के नियमित संचालन तथा बच्चों और महिलाओं को मिल रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक सुनिश्चित किया जाए। बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य के साथ महिलाओं के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने और विभागीय गतिविधियों का प्रभावी ढंग से संचालन करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की ग्रामीण परियोजना अधिकारी मनीषा जैन एवं सेक्टर पर्यवेक्षक दीपशिखा साहू उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने केंद्रों की कार्यप्रणाली और विभागीय योजनाओं की प्रगति से ज्वाइंट डायरेक्टर को अवगत कराया।
अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं में सुधार करना, योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करना और बच्चों एवं महिलाओं तक शासन की सुविधाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है।
.webp)