गरबा प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाई, पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने लोकगीतों पर दी शानदार प्रस्तुतियां
धीरज साहू , भोपाल। वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय में आयोजित भव्य गरबा नाइट में गुजरात की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। विश्वविद्यालय के क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में संगीत, नृत्य और उत्साह के बीच विद्यार्थियों ने गरबा की पारंपरिक छटा बिखेरी। कार्यक्रम में अभिनेत्री एवं मॉडल प्रियंका नंदा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने गरबा प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका भी निभाई।
प्रियंका नंदा पूर्व मिस इंडिया, स्टाइल आइकन विजेता और फेमिना मिस इंडिया मध्यप्रदेश की जूरी सदस्य रह चुकी हैं। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. सतीश कुमार मोढ़, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. टी.बी. श्रीधरन, रजिस्ट्रार डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्रा, डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशंस डॉ. प्रभाकर एस. सहित स्टूडेंट वेलफेयर टीम के सदस्य मौजूद रहे।
मां अंबे की आरती से हुआ समारोह का शुभारंभ
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के गुजराती क्लब ने फैकल्टी कोऑर्डिनेटर डॉ. भूमिका चोकसी और डॉ. अरिंदम साधुखान के मार्गदर्शन में किया। समारोह की शुरुआत मां अंबे की पारंपरिक आरती के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों की ऊर्जावान फ्लैश मॉब प्रस्तुति ने माहौल को उत्साह से भर दिया।
रंग-बिरंगी चनिया चोली, केडियू और पारंपरिक गुजराती परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने लोकप्रिय गुजराती लोकगीतों की धुनों पर गरबा किया। डांस फ्लोर पर बने गरबा के पारंपरिक घेरे और विद्यार्थियों का उत्साह आकर्षण का केंद्र रहे। इस आयोजन में विभिन्न सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आए विद्यार्थियों ने एक साथ भागीदारी कर गुजरात की लोक संस्कृति को करीब से जाना और उसका आनंद लिया।
गरबा प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा और उत्साह
समारोह के दौरान गरबा प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने अपनी कोरियोग्राफी, तालमेल, स्टेमिना और पारंपरिक फुटवर्क का शानदार प्रदर्शन किया। अभिनेत्री प्रियंका नंदा ने निर्णायक के रूप में प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। प्रतिभागियों के उत्साह, आकर्षक प्रस्तुतियों और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इसके बाद गरबा बीट्स और फ्यूजन ट्रैक्स पर आधारित ओपन डीजे सेशन आयोजित किया गया। आधुनिक संगीत और पारंपरिक नृत्य के संगम ने विद्यार्थियों का उत्साह दोगुना कर दिया। देर तक चले इस आयोजन का समापन जोश और उमंग के साथ हुआ।
सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मिलता है बढ़ावा
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के गुजराती क्लब की छात्रा उर्वशी ने कहा कि गरबा नाइट ने अलग-अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को एक मंच पर आने और गुजरात की समृद्ध लोक परंपराओं को अनुभव करने का अवसर दिया। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और मुख्य अतिथि प्रियंका नंदा की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने के साथ विद्यार्थियों के बीच आपसी जुड़ाव और अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं।
विश्वविद्यालय की यह पहल विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने, अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने और सामूहिक सहभागिता का अनुभव करने का अवसर प्रदान करती है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और परिसर में सकारात्मक एवं जीवंत वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
.webp)
%20(1).webp)