ओमप्रकाश साहू/बुधनी /बकतरा। प्रकाश और उल्लास का पर्व दीपावली ग्राम बकतरा में बड़े ही धूमधाम, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर पूरे गांव में दीपों की रोशनी और आकर्षक सजावट देखने को मिली। घरों एवं प्रतिष्ठानों में दीप जलाए गए तथा माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दीपावली का पर्व भगवान श्रीराम के 14 वर्ष का वनवास पूर्ण कर माता सीता एवं लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटने की खुशी में मनाया जाता है। उनके स्वागत में अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर पूरी नगरी को रोशन किया था। वहीं मान्यता है कि कार्तिक अमावस्या के दिन समुद्र मंथन से माता लक्ष्मी का प्राकट्य हुआ था। इसी कारण दीपावली पर माता लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की विशेष पूजा की जाती है।
दीपावली के अवसर पर बकतरा में मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। वहीं पटाखों की दुकानों पर भी बच्चों एवं युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। बच्चों ने शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्वक त्योहार मनाया। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देकर खुशियां बांटीं।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने कामना की कि माता लक्ष्मी की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे और हर घर में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली का दीपक हमेशा जलता रहे। गांव में दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ।
