भोपाली फाटक से एसपी और कलेक्टर कार्यालय तक निकाला पैदल मार्च, एएसपी और डिप्टी कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; कार्रवाई नहीं होने पर दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
सीहोर। जिले के खाईखेड़ा गांव से लापता तीन लोगों का अब तक पता नहीं चलने पर दांगी समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को समाज अध्यक्ष बाबूलाल दांगी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाजजन सड़क पर उतरे और लापता लोगों की जल्द तलाश करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो समाज धरना-प्रदर्शन करेगा।
जानकारी के अनुसार, खाईखेड़ा से सुरेश दांगी, राजेश दांगी और ओमवती दांगी बीते दिनों घरेलू सामान के साथ लापता हो गए थे। उनकी तलाश को लेकर बुधवार को दांगी समाज के लोगों ने भोपाली फाटक से एसपी कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन में शामिल लोग हाथों में लापता व्यक्तियों की तस्वीरें लेकर चल रहे थे और उनकी शीघ्र तलाश करने की मांग कर रहे थे।
पुलिस प्रशासन को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
सेमरा दांगी के समाजसेवी विनय सिंह दांगी ने पुलिस प्रशासन से लापता लोगों की तलाश में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि समाज ने पुलिस को 24 घंटे का समय दिया है। इसके बाद भी यदि कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आता है तो समाज की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
आम आदमी पार्टी के नेता केपी सिंह बघेल ने भी मामले को चिंताजनक बताते हुए पुलिस से पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ खोजबीन करने की अपील की।
एएसपी और डिप्टी कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
पैदल मार्च के बाद प्रदर्शनकारियों ने एएसपी प्रशांत चौबे और डिप्टी कलेक्टर किरण सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एसपी कार्यालय में सीहोर एसडीओपी प्रेम नारायण भी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने समाजजनों को बताया कि पुलिस की ओर से लापता लोगों की लगातार तलाश की जा रही है। उन्होंने जल्द ही तीनों को खोज निकालने का भरोसा दिलाया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में दांगी समाज के लोग शामिल हुए। समाजजनों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए लापता तीनों व्यक्तियों की सुरक्षित तलाश सुनिश्चित करने की मांग की।
.webp)