आरोपी गिरफ्तार, घर में घुसकर उड़ाए थे सोने-चांदी के जेवर; तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से पुलिस को मिली सफलता
हेमंत त्रिपाठी, अहमदपुर। जिले के अहमदपुर में पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने चोरी किए गए करीब 20 लाख 75 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामदगी में करीब 16 तोला सोना और 250 ग्राम चांदी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, नया बाजार मोहल्ला अहमदपुर निवासी फरियादी ललता प्रसाद दांगी ने 21 अक्टूबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर की रात 10 बजे से 21 अक्टूबर की रात 12:30 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसा और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया।
शिकायत के आधार पर अहमदपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 250/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीहोर सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी पी.एन. गोयल के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक बी.एल. त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमप्रकाश उर्फ शिब्बू, पिता जगदीश शर्मा (23), निवासी मेन मार्केट अहमदपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए करीब 16 तोला सोने और 250 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। जब्त आभूषणों की अनुमानित कीमत 20 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
चोरी की इस वारदात का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक बी.एल. त्यागी, उपनिरीक्षक किरण राजपूत, उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह यादव, प्रधान आरक्षक अजय प्रताप सिंह, आरक्षक पवन वर्मा और तकनीकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की सराहना की है।
.webp)
.webp)
.webp)