युवाओं को संगठन से जोड़ने, रोजगार और शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर; जाति प्रमाण पत्र की समस्याओं के समाधान के लिए स्पेशल सेल बनाने की पहल
तेजाराम साहू खातेगांव। समाज की एकता, युवाओं की भागीदारी और सर्वांगीण विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से नामदेव छीपा युवा परिषद मध्यप्रदेश की प्रांतीय बैठक इंदौर के छोटा बांगड़दा स्थित नामदेव छीपा समाज धर्मशाला में आयोजित की गई। नामदेव छीपा महासभा (कोटा) से मान्यता प्राप्त परिषद की इस बैठक में प्रदेशभर से पहुंचे कार्यकारिणी सदस्यों ने समाज की प्रगति से जुड़े 21 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया और योजनाओं को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया।
बैठक का शुभारंभ आराध्य संत नामदेव महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रांतीय छीपा महासभा की ओर से मुख्य पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित जयप्रकाश नामदेव (सीहोर) ने समाज में एकता, आपसी भाईचारे और युवा शक्ति को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने समग्र सोच के साथ मिलकर समाज को संगठित एवं विकसित बनाने का आह्वान किया।
जिले से ब्लॉक स्तर तक संगठन विस्तार की तैयारी
बैठक में मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले, तहसील और ब्लॉक स्तर पर युवा परिषद की कार्यकारिणी के गठन एवं पुनर्गठन, प्रदेशभर के युवाओं को एक मंच पर जोड़ने और आपसी संवाद मजबूत करने पर चर्चा हुई। समाज के प्रतिभावान एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को स्टार्टअप, स्वरोजगार, व्यावसायिक नेटवर्किंग तथा तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने की योजना पर भी मंथन किया गया।
परिचय सम्मेलन से सामूहिक विवाह तक की योजना
समाज में वैवाहिक संबंधों को प्रोत्साहित करने के लिए संभागीय स्तर पर युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित करने तथा इसके बाद प्रदेश स्तर पर सामूहिक विवाह सम्मेलन की दिशा में कार्य करने पर विचार किया गया। बैठक में समाज को नशामुक्त बनाने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
जाति प्रमाण पत्र की समस्या दूर करने के लिए स्पेशल सेल
प्रदेश अध्यक्ष संजय बिरोलिया (एडवोकेट) ने बैठक के एजेंडे के सभी बिंदु कार्यकारिणी के समक्ष रखे और उन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने समाजजनों से समय रहते जाति प्रमाण पत्र बनवाने की अपील की। साथ ही कहा कि प्रमाण पत्र बनवाने में किसी भी समाजजन को परेशानी आती है तो युवा परिषद अपनी स्पेशल सेल के माध्यम से समस्या के समाधान का प्रयास करेगी। उन्होंने सभी सदस्यों से समाजहित के कार्य पूरी निष्ठा से करने का आह्वान किया।
इन पदाधिकारियों और सदस्यों ने रखे विचार
बैठक में महासचिव ओमप्रकाश पांडे, सचिव अंकित मालीवाल (भीकनगांव), प्रवीण नामदेव (राजगढ़), प्रवीण नागर (इंदौर), श्रीमती नमिता मुकेश वर्मा (उज्जैन), श्रीमती संतोष पंवार (मंदसौर), श्रीमती रेखा नामदेव (सोनकच्छ), प्रतीक नामदेव (सीहोर) एवं योगेश नामदेव (इटारसी) सहित अन्य सदस्यों ने संगठन की मजबूती और समाज के विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। सभी ने ध्वनिमत से संगठन को मजबूत बनाने पर बल दिया।
बैठक का संचालन प्रवीण नामदेव (राजगढ़) ने किया, जबकि आभार अंकित मालीवाल (एडवोकेट), भीकनगांव ने व्यक्त किया। बैठक की विस्तृत जानकारी प्रांतीय मीडिया प्रभारी नारायण उज्जैनिया (खातेगांव) ने दी।
बैठक में लिए गए संकल्पों का उद्देश्य युवाओं को संगठित कर शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सहयोग और समाजोत्थान के कार्यों को नई गति देना रहा।


