25 किमी की दौड़ 3 घंटे 20 मिनट में पूरी, अभ्यर्थियों का हौसला बढ़ाने के लिए वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी दौड़े साथ
तेजाराम साहू नर्मदापुरम। वनरक्षक भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान शनिवार सुबह नर्मदापुरम में युवाओं का जोश देखने को मिला। सामान्य वनमंडल और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) में वनरक्षक के 56 पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत सुबह 6 बजे दौड़ शुरू हुई। वनमंडल कार्यालय से डीएफओ गौरव शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर अभ्यर्थियों को रवाना किया। दौड़ में 64 पुरुष और 21 महिला सहित कुल 85 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें से 83 ने निर्धारित समय में दौड़ पूरी की, जबकि दो अभ्यर्थी समय सीमा समाप्त होने के पांच मिनट बाद पहुंचे, जिसके कारण उन्हें अयोग्य घोषित किया गया।
नर्मदापुरम में भर्ती परीक्षा के दौरान अधिकारियों ने भी दौड़कर बढ़ाया युवाओं का हौसला
इस दौड़ की खास बात यह रही कि अभ्यर्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए डीएफओ गौरव शर्मा और प्रशिक्षु आईएफएस प्रज्वल चौरसिया भी उनके साथ दौड़े। डीएफओ शर्मा ने 3 घंटे 20 मिनट में 25 किलोमीटर की दूरी पूरी की। अधिकारियों को अपने साथ दौड़ता देखकर अभ्यर्थियों में भी उत्साह बढ़ा और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी ताकत लगाते नजर आए।
पुरुषों को 25 और महिलाओं को 14 किलोमीटर दौड़ना था
भर्ती प्रक्रिया के तहत पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर की दूरी चार घंटे में पूरी करनी थी। महिला अभ्यर्थियों का मार्ग डीएफओ कार्यालय से जासलपुर और वापस कार्यालय तक निर्धारित था। वहीं पुरुष अभ्यर्थियों को डीएफओ कार्यालय से तवा पुल तक जाकर वापस लौटना था। निर्धारित समय में दौड़ पूरी करना शारीरिक दक्षता परीक्षा का महत्वपूर्ण चरण रहा।
सुरक्षा के लिए मार्ग पर तैनात रही वन विभाग की टीम
लंबी दूरी की दौड़ के दौरान अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए वन विभाग ने विशेष इंतजाम किए। विभागीय टीम वाहनों के साथ मार्ग पर आगे-पीछे मौजूद रही। अभ्यर्थियों को सड़क किनारे चलने की समझाइश दी गई। किसी की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल सहायता के लिए एंबुलेंस भी साथ रही। इसके अलावा रास्ते में स्टाफ की तैनाती के लिए चार पॉइंट बनाए गए थे, ताकि जरूरत पड़ने पर अभ्यर्थियों को सहायता मिल सके।
दस्तावेज सत्यापन में 109 में से 89 अभ्यर्थी हुए शामिल
डीएफओ गौरव शर्मा के अनुसार, सामान्य वनमंडल और एसटीआर में वनरक्षक के 56 पदों के लिए 109 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए बुलाया गया था। शुक्रवार को डीएफओ कार्यालय में दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक माप और बायोमेट्रिक जांच की गई। इसमें 109 में से 89 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 20 अनुपस्थित रहे।
यह प्रक्रिया डीएफओ के निर्देशन में सिटी मजिस्ट्रेट सीमा बडोले, एसडीओ अनिल विश्वकर्मा, सहायक संचालक एसटीआर मुकेश कुमार जामोर और हीरालाल पटेल सहित अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न कराई गई।
वन विभाग की नौकरी में फिटनेस जरूरी
2016 बैच के आईएफएस अधिकारी और डीएफओ गौरव शर्मा ने बताया कि वे नियमित रूप से रोजाना 5 से 10 किलोमीटर दौड़ते हैं। इसी अभ्यास के चलते उन्हें 25 किलोमीटर की दूरी पूरी करने में परेशानी नहीं हुई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी फिटनेस पर ध्यान देने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि वन विभाग की नौकरी में जंगलों के बीच काम करना पड़ता है, इसलिए शारीरिक रूप से फिट और स्वस्थ रहना जरूरी है। नियमित व्यायाम और दौड़ने की आदत कार्यक्षमता बनाए रखने में मदद करती है।
नर्मदापुरम में आयोजित इस भर्ती परीक्षा में युवाओं की भागीदारी, सुरक्षा के इंतजाम और अधिकारियों की सहभागिता देखने को मिली। शारीरिक दक्षता परीक्षा के जरिए अभ्यर्थियों की सहनशक्ति और निर्धारित समय में दौड़ पूरी करने की क्षमता का आकलन किया गया।

