धीरज साहू, सीहोर। थाना जावर पुलिस ने ग्वाली रोड स्थित सोनी स्टूडियो में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए भोपाल निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से चार डिजिटल कैमरे और दो हार्ड डिस्क बरामद की हैं। चोरी गए मशरूके की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 की देर रात हाईवे के पास ग्वाली रोड स्थित सोनी स्टूडियो का ताला तोड़कर चार डिजिटल कैमरे किट सहित और दो हार्ड डिस्क चोरी कर ली गई थीं। फरियादी शुभम सोनी की शिकायत पर थाना जावर में अपराध क्रमांक 319/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी श्याम कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चिराग पाठक, अभिषेक कुशवाह और भारत अहिरवार को गिरफ्तार किया गया। वहीं, चोरी का सामान खरीदने के आरोप में मोहम्मद अजहर उद्दीन को भी गिरफ्तार कर एक कैमरा और दो हार्ड डिस्क बरामद की गईं।
कार्रवाई में थाना जावर पुलिस और साइबर सेल सीहोर की टीम का सराहनीय योगदान रहा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
