उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन के अब्दालपुरा इलाके में शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई को लेकर रविवार रात तनाव की स्थिति बन गई। कार्रवाई की खबर फैलने के बाद स्थानीय लोगों और मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग मस्जिद के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया।
रविवार रात जब पुलिस बल के साथ जेसीबी और पोकलैंड मशीनें मौके पर पहुंचीं, तो लोगों की भीड़ सड़कों पर उतर आई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
2 हजार पुलिस जवान तैनात
प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 2,000 पुलिस जवानों को इलाके में तैनात किया है। शाही मस्जिद के आसपास लगभग 500 मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग कर आवाजाही को प्रतिबंधित किया गया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौके पर मौजूद रहीं।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। समझाइश के बाद स्थिति कुछ शांत हुई, लेकिन इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की तैनाती जारी रखी गई।
मुस्लिम समाज में भी अलग-अलग रुख
शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई को लेकर मुस्लिम समाज के भीतर भी अलग-अलग रुख सामने आने की बात कही जा रही है। एक पक्ष कथित तौर पर आपसी सहमति से विवादित हिस्से को हटाने के पक्ष में है, जबकि दूसरा पक्ष इसका विरोध कर रहा है। इसी मतभेद के चलते मामले को लेकर स्थिति और संवेदनशील हो गई है।
पिछले दो दिनों से मस्जिद के हिस्से को हटाए जाने की खबरों के बाद लोगों की भीड़ लगातार मस्जिद परिसर के आसपास जुट रही थी। रविवार रात प्रशासनिक मशीनरी के मौके पर पहुंचने के बाद विरोध और तेज हो गया।
रातभर चले घटनाक्रम के बाद प्रशासन की कोशिश है कि मामले को बातचीत और आपसी सहमति के जरिए शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जाए। सोमवार सुबह मुस्लिम समाज के कुछ लोगों के स्वयं आगे आकर आपसी सहमति से विवादित हिस्से को हटाने की प्रक्रिया शुरू करने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को तैनात रखा गया है। मामले में प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई और आधिकारिक स्थिति का इंतजार है।
