29 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चयनित
धीरज साहू, सीहोर। समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय राय परिवार द्वारा एक बार फिर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। इंग्लिशपुरा स्थित प्राथमिक नेत्र जांच केंद्र में आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद चयन शिविर में क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 70 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच की गई, जिनमें से 29 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित कर सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय, भोपाल रेफर किया गया। चयनित मरीजों को एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु रवाना किया गया।
शिविर में समाजसेवीका श्रीमती अरुणा सुदेश राय विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने मरीजों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर उन्होंने मरीजों को ठंडा पेय वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।
राय परिवार लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता आ रहा है। विधायक सुदेश राय के जन्मदिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों, रक्तदान शिविरों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिससे हजारों लोगों को लाभ मिलता है। राय परिवार हमेशा जरूरतमंद, गरीब एवं असहाय लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहता है और समाज सेवा को अपनी प्राथमिकता मानता है।
अरुणा सुदेश राय ने कहा कि जनसेवा ही सच्ची सेवा है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने ऐसे शिविरों को आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही।
