सीहोर में बड़ा हादसा टला: सोनाकच्छ टोल के पास अमोनिया गैस टैंकर में रिसाव, प्रशासन की तत्परता से बचीं सैकड़ों जानें

SANDEEP SAHU
0
Major-accident-averted-in-Sehore-Ammonia-gas-tanker-leaks-near-Sonakchh-toll-administration's-promptness-saves-hundreds-of-lives.

हेमन्त त्रिपाठी, सीहोर सीहोर जिले में गुरुवार तड़के एक बड़ा औद्योगिक हादसा टल गया, जब सोनाकच्छ टोल प्लाजा के समीप अमोनिया गैस से भरे एक टैंकर में अचानक रिसाव शुरू हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। समय रहते की गई कार्रवाई के चलते दमघोंटू गैस को आबादी वाले क्षेत्र तक पहुंचने से रोक दिया गया, जिससे सैकड़ों लोगों की जान सुरक्षित बच गई।


जानकारी के अनुसार अमोनिया गैस से भरा टैंकर राजस्थान के कोटा से महाराष्ट्र के नागपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सोनाकच्छ टोल के पास टैंकर में तकनीकी खराबी आने से गैस का रिसाव शुरू हो गया। टैंकर चालक रोहित, निवासी ईटानगर (इंदौर), ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।



घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी बालागुरु के., पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, एसडीओपी पूजा शर्मा तथा दोराहा तहसीलदार सरदेशमुख सुबह करीब चार बजे ही घटनास्थल पर पहुंच गए। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भोपाल से विशेषज्ञ तकनीकी दल, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया। विशेषज्ञों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए रिसाव वाले हिस्से की पहचान की और गैस को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बनाकर आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई।

विशेषज्ञों का कहना है कि अमोनिया गैस अत्यंत तीखी और जहरीली प्रकृति की होती है। इसके संपर्क में आने पर आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी और गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। यदि यह गैस आबादी वाले क्षेत्र में फैल जाती तो बड़ा जनहानि वाला हादसा हो सकता था। हालांकि प्रशासन और बचाव दलों की त्वरित कार्रवाई के कारण स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।

घटना के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को भी एहतियातन कुछ समय के लिए प्रभावित किया गया, ताकि राहत कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। तकनीकी टीम द्वारा टैंकर के लीकेज को पूरी तरह बंद करने का कार्य जारी रहा और पूरे क्षेत्र की लगातार मॉनिटरिंग की गई।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर नुकसान की सूचना नहीं है।

प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमों की सजगता तथा त्वरित समन्वय के चलते सीहोर जिले में एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस लेते हुए प्रशासन की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top