12 जून को रिलीज होगी ‘द नर्मदा स्टोरी’, सिल्वर स्क्रीन पर दिखेगा नर्मदापुरम का असली चेहरा
तेजाराम साहू नर्मदापुरम। नर्मदापुरम शहर एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आने वाला है। 12 जून को रिलीज हो रही फिल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ में शहर और जिले की कई प्रमुख लोकेशन दर्शकों को देखने को मिलेंगी। मंगलवार को फिल्म का ट्रेलर मुंबई में लॉन्च किया गया, वहीं नर्मदापुरम के होम साइंस गर्ल्स कॉलेज में भी ट्रेलर लॉन्चिंग कार्यक्रम आयोजित हुआ।
फिल्म एक सोशल क्राइम ड्रामा है, जो सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है। इसमें महिलाओं के संघर्ष, साहस और न्याय की लड़ाई को प्रमुखता से दिखाया गया है। अभिनेता शरद सिंह फिल्म में इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम भदौरिया की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि मध्यप्रदेश कैडर की आईपीएस अधिकारी सिमाला प्रसाद सब-इंस्पेक्टर नर्मदा रैकवार के किरदार में दिखाई देंगी। फिल्म में उनका रोल काफी अहम माना जा रहा है।
करीब 40 दिनों तक चली शूटिंग का अधिकांश हिस्सा नर्मदापुरम और आसपास के क्षेत्रों में फिल्माया गया है। जगदीश मंदिर घाट, तवा डैम, बस स्टैंड, जनपद पंचायत और रेस्ट हाउस जैसी शहर की पहचान बन चुकी जगहें फिल्म में नजर आएंगी। खास बात यह है कि फिल्म में नर्मदापुरम और यहां की लोकेशनों के नाम नहीं बदले गए हैं।
![]() |
फिल्म के निर्देशक जैगम इमाम हैं। कहानी नर्मदा अंचल की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें एक आदिवासी महिला अग्नि धुर्वे के संघर्ष को दिखाया गया है। अपनी बेटी को बचाने की लड़ाई में उसे पुलिस अधिकारी नर्मदा रैकवार का साथ मिलता है और दोनों मिलकर रसूखदार अपराधियों के खिलाफ मोर्चा खोलती हैं।
फिल्म में रघुवीर यादव, मुकेश तिवारी, अश्विनी कालसेकर, अंजली पाटिल, जरीना वहाब और इश्तियाक खान भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
नर्मदापुरम में इससे पहले भी कई फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग हो चुकी है, लेकिन उनमें शहर की पहचान बदल दी जाती थी। अभिनेता शरद सिंह के मुताबिक ‘द नर्मदा स्टोरी’ की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि इसमें नर्मदापुरम को उसकी वास्तविक पहचान के साथ प्रस्तुत किया गया है।


