ट्विशा शर्मा मौत मामला: रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की कभी भी हो सकती है गिरफ्तारी, CBI ने घर का 3D स्कैन किया

SANDEEP SAHU
0
Twisha-Sharma-death-case-Retired-judge-Giribala-Singh-could-be-arrested-any-time-CBI-conducts-3D-scan-of-house

भोपाल। अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच तेज हो गई है। मामले में आरोपी बनाई गईं ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम गिरिबाला सिंह के घर पहुंची और उनसे लंबी पूछताछ शुरू की।

जांच के दौरान CBI ने अत्याधुनिक हाई इंटेंसिटी 3D कैमरों की मदद से पूरे घर और आसपास के इलाके की 360 डिग्री रिकॉर्डिंग की। एजेंसी ने घटनास्थल से जुड़े हर पहलू को बारीकी से जांचने के लिए आसपास की लोकेशन भी स्कैन की, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटनास्थल किसी पड़ोसी मकान की छत, बालकनी या अन्य स्थान से दिखाई देता था या नहीं।

इस मामले में बुधवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। हाईकोर्ट ने देर रात 17 पन्नों का विस्तृत आदेश जारी करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता, उपलब्ध सबूतों और जांच की वर्तमान स्थिति को देखते हुए आरोपी पक्ष को राहत देना उचित नहीं है।

कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी उल्लेख किया कि निचली अदालत ने केस डायरी और उपलब्ध साक्ष्यों का समुचित परीक्षण नहीं किया। मृतका के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए थे, जिनका संतोषजनक जवाब आरोपी पक्ष की ओर से नहीं दिया जा सका।

वहीं, मामले में आरोपी बनाए गए ट्विशा के पति समर्थ सिंह को अदालत में पेश किए जाने के बाद CBI ने हिरासत में ले लिया है। कोर्ट ने समर्थ सिंह को 29 मई तक CBI रिमांड पर भेजा है। एजेंसी लगातार उससे पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों को खंगाल रही है।

गौरतलब है कि 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए 24 मई को भोपाल AIIMS में दिल्ली AIIMS की विशेषज्ञ टीम द्वारा ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम किया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शाम को भदभदा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके भाई मेजर हर्षित ने मुखाग्नि दी।

फिलहाल पूरे मामले पर प्रदेशभर की नजरें टिकी हुई हैं और CBI की जांच में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top