तेजाराम साहू, देवास। देवास पुलिस ने शादी कराने के नाम पर युवकों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अनाथ आश्रम की लड़कियों के फोटो भेजकर शादी कराने का झांसा दिया और युवकों से एडवांस के नाम पर रुपए ऐंठ लिए। मामला सामने आने के बाद थाना बैंक नोट प्रेस पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार फरियादी अभिषेक वर्मा ने थाना बीएनपी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके जीजाजी जितेंद्र वर्मा निवासी सतपिपल्या जिला सीहोर के माध्यम से उसकी पहचान विदिशा निवासी मुकेश दास बैरागी से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को अनाथ आश्रम की लड़कियों की शादी कराने वाला बताते हुए इंदौर स्थित मातृछाया अनाथ आश्रम की लड़कियों के फोटो भेजे और शादी कराने के नाम पर 25 हजार रुपए एडवांस मांगे। फरियादी ने 6 मई को फोन-पे के जरिए आरोपी के खाते में राशि ट्रांसफर कर दी।
आरोपियों ने फरियादी सहित अन्य युवकों को 24 और 25 मई को देवास स्थित माता टेकरी पर सामूहिक विवाह कराने के लिए बुलाया। युवक अपने परिजनों के साथ देवास पहुंचे, जहां पहले उन्हें बस स्टैंड के पास धर्मशाला और बाद में राधागंज क्लब ग्राउंड बुलाया गया, लेकिन कहीं भी विवाह की कोई व्यवस्था नहीं मिली। चर्चा करने पर सभी युवकों को पता चला कि आरोपियों ने एक जैसी बात कहकर तथा समान लड़कियों के फोटो भेजकर कई लोगों से ठगी की है।
मामले में थाना बीएनपी में अपराध क्रमांक 312/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीरसिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीती कटारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मात्र 24 घंटे के भीतर देवास और इंदौर से सुनीता पति मुकेश दास बैरागी उम्र 38 वर्ष, मुकेश दास बैरागी पिता श्यामदास बैरागी उम्र 40 वर्ष एवं दिनेश दास बैरागी पिता श्यामदास बैरागी उम्र 45 वर्ष निवासी विदिशा को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई में उप निरीक्षक रामलाल भगत, राहुल परमार, सउनि रविंद्र गोदार, प्रधान आरक्षक मनोज पटेल, अनिल, आरक्षक संदीप, रोहित रोजड़े, महिला आरक्षक शिवानी कुशवाह, मोनिका एवं साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान की सराहनीय भूमिका रही।
