कौशल मालवीया /कन्नौद। इंदौर-नागपुर फोर लाइन सड़क निर्माण कार्य में निर्धारित भूमि अधिग्रहण एवं जारी एलाइनमेंट से हटकर सड़क निर्माण किए जाने से नाराज बांगनखेड़ा, किलोदा, चापलसा सहित आसपास के गांवों के किसानों ने आज कन्नौद एसडीएम कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया।
किसानों ने एसडीएम कन्नौद के माध्यम से कलेक्टर देवास एवं परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने मांग की कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (N.H.I.) द्वारा जिस भूमि का अधिग्रहण किया गया है तथा जो एलाइनमेंट पूर्व में जारी किया गया था, उसी के अनुसार सड़क निर्माण कार्य कराया जाए। किसानों का आरोप है कि वर्तमान में एलाइनमेंट से हटकर सड़क निर्माण किया जा रहा है, जिससे किसानों की भूमि एवं हित प्रभावित हो रहे हैं।
किसानों ने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए प्रशासन से तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को 15 दिन का समय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि में उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। किसानों ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
