भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कश्यप ने कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी दी।
सबसे बड़ा फैसला लाडली बहना योजना से जुड़ा रहा सरकार ने योजना की राशि 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह करने का निर्णय लिया है। यह संशोधित राशि 12 नवंबर को मुख्यमंत्री सिवनी से ट्रांसफर करेंगे।
मध्य प्रदेश में फिलहाल 1.26 करोड़ लाडली बहनें इस योजना से जुड़ी हैं और अब तक सरकार 44 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि उनके खातों में डाल चुकी है। मंत्री कश्यप ने यह भी कहा कि योजना में छूटे पात्र नाम जोड़ने पर सरकार समय पर निर्णय लेगी।
किसानों के लिए भावांतर योजना में नई पहल
कैबिनेट ने किसानों के हित में भावांतर भुगतान योजना को और मजबूत करते हुए 4036 रेट लागू किए हैं। इसे प्रदेश में ‘रोल मॉडल योजना’ के रूप में लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री 13 नवंबर को देवास से किसानों के खातों में भावांतर राशि ट्रांसफर करेंगे।
मांधाता में खुलेगा जिला न्यायालय
जनहित में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कैबिनेट ने खंडवा जिले के मांधाता में जिला न्यायालय** खोलने की स्वीकृति दी है। इसके लिए सात नए पद सृजित किए गए हैं।
भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर राज्य स्तरीय आयोजन
कैबिनेट ने यह भी निर्णय लिया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती राज्य स्तर पर मनाई जाएगी। मुख्य कार्यक्रम जबलपुर और आलीराजपुर में होंगे, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल रूप से शामिल होंगे। प्रदेश के सभी जिलों में भी इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ओंकारेश्वर एकात्म धाम परियोजना की बढ़ी लागत को मंजूरी
कैबिनेट ने आदि शंकराचार्य को समर्पित ओंकारेश्वर एकात्म धाम परियोजना की पुनरीक्षित लागत को मंजूरी दी है। पहले इस परियोजना की लागत 2195 करोड़ रुपये थी, जिसे बढ़ाकर अब 2424.36 करोड़ रुपये कर दिया गया है। यानी लगभग 228 करोड़ रुपये की लागत में वृद्धि हुई है।
साथ ही कैबिनेट ने यह भी तय किया कि राज्य के सभी शासकीय भवनों पर सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। प्रारंभिक चरण में जिला मुख्यालयों पर 20 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित किए जाएंगे। मंत्री कश्यप ने बताया कि महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी क्रांति गौड़ को राज्य सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है।
मुख्यमंत्री का गुजरात दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 नवंबर को गुजरात के केवड़िया जाएंगे, जहां वे एक विशेष आयोजन में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के 70 कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। यह कैबिनेट बैठक राज्य सरकार की योजनाओं और विकास परियोजनाओं को गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
