भोपाल। दीपावली के त्योहार पर बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए भोपाल यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजारों के लिए विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 4 से 9 नवंबर तक लागू रहेगी। इसके तहत जुमेराती और चौक बाजार सहित पुराने शहर के आंतरिक बाजारों में भीड़ बढ़ने पर चार पहिया, तीन पहिया और लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाएगा। वहीं, 10 नंबर मार्केट में जरूरत के अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार, विशेष व्यवस्था जुमेराती, चौक बाजार, न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट, एमपी नगर और बैरागढ़ में लागू की जाएगी। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजारों में यातायात का दबाव कम करना और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को जाम से राहत दिलाना है।
पुराने शहर में पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
पुराने शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए पांच स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें भोपाल टॉकीज चौराहे के पास बाल विहार ग्राउंड, मोती मस्जिद के सामने नगर निगम की मल्टीलेवल पार्किंग, कोतवाली थाने के दाईं ओर का स्थान, भवानी चौक और मोती मस्जिद के बीच का क्षेत्र तथा भारत टॉकीज के पास सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान शामिल हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है, ताकि बाजारों की सड़कों पर अनावश्यक जाम की स्थिति न बने।
10 नंबर मार्केट में वन-वे, न्यू मार्केट में ट्रैफिक डायवर्जन
10 नंबर मार्केट में 4 से 9 नवंबर तक जरूरत के अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत वाहन वंदे मातरम चौराहे से मार्केट में प्रवेश कर मार्केट तिराहे से नेशनल अस्पताल की ओर जा सकेंगे। साढ़े 10 नंबर स्टॉप से आने वाले वाहनों को भी मार्केट तिराहे से नेशनल अस्पताल की ओर जाने की अनुमति रहेगी।
वहीं, नेशनल अस्पताल से 10 नंबर मार्केट और 10 नंबर मार्केट से वंदे मातरम चौराहे की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यहां आने वाले लोग बिट्टन मार्केट, 10 नंबर मार्केट की नगर निगम पार्किंग और मनोहर डेयरी के पास निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर सकेंगे।
न्यू मार्केट आने वाले वाहन चालकों के लिए टीटी नगर थाना चौराहे के पास स्थित मल्टीलेवल पार्किंग निर्धारित की गई है। यातायात का दबाव बढ़ने पर रंगमहल चौराहे से थाना चौराहे और टीटी क्रॉस तिराहे से थाना चौराहे की ओर आने वाले वाहनों को मटका चौराहा और स्पोर्ट मार्ट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
एमपी नगर और बैरागढ़ में भी तय किए पार्किंग स्थल
एमपी नगर जोन-1 में खरीदारी के लिए आने वाले लोग मल्टीलेवल पार्किंग और अन्य निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर सकेंगे। बैरागढ़ में व्यापारियों और ग्राहकों की सुविधा के लिए पंचानन चौराहे के पास मल्टीलेवल पार्किंग तय की गई है।
इसके अलावा नए ब्रिज के निर्माण के चलते पीडब्ल्यूडी की ओर से तैयार किए जा रहे छोटे पार्किंग स्थलों पर भी ग्राहक कुछ समय के लिए अपने वाहन खड़े कर सकेंगे।
रात 12 से सुबह 7 बजे तक होगी लोडिंग-अनलोडिंग
त्योहारी भीड़ के दौरान बाजारों में यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने व्यापारियों से दुकानों में सामान की लोडिंग और अनलोडिंग रात 12 बजे से सुबह 7 बजे के बीच ही करने की अपील की है। इससे दिन के समय बाजारों में मालवाहक वाहनों की आवाजाही कम रहेगी और ग्राहकों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और बाजारों में भीड़ व जाम से बचने के लिए सार्वजनिक यात्री वाहनों का अधिक से अधिक उपयोग करें। त्योहार के दौरान यातायात नियमों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
