हेमन्त त्रिपाठी दोराहा। जिले के दोराहा थाना क्षेत्र में जमीन सीमांकन के दौरान हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने और धारदार हथियारों से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में कानून का भय पैदा करने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का मुख्य बाजार में जुलूस भी निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोराहा थाना क्षेत्र में जमीन सीमांकन की कार्रवाई के दौरान विवाद हो गया था। इस दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर हवाई फायरिंग की और धारदार हथियारों से लैस होकर मारपीट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दोराहा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इरशाद, रिजवान, इरफान, असद, नईम और सुफियान बताए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई: पुलिस की इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) प्रेम नारायण गोयल एवं अतिरिक्त अधिकारी प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में दोराहा थाना प्रभारी राकेश शर्मा और उनकी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
मुख्य बाजार में निकाला आरोपियों का जुलूस: गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को मुख्य बाजार से जुलूस के रूप में निकाला। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और अपराध करने वालों को कानून की सख्ती का संदेश देना बताया गया।
दोराहा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं, पुलिस की कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
