फाइनल में स्टाफ टीम को 80 रन से हराकर जीता चांसलर कप, डॉ. अमित कुमार बने मैन ऑफ द मैच और देवराज मेवाड़ा को मिला मैन ऑफ द सीरीज का खिताब
धीरज साहू, भोपाल। वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय में आयोजित फैकल्टी क्रिकेट लीग 2026 का फाइनल मुकाबला रोमांच और खेल भावना के बीच खेला गया। खिताबी मुकाबले में बायोमेक्ट्रोनिक्स की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टाफ टीम को 80 रन से पराजित कर चांसलर कप अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को रंगारंग समारोह में चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की गई।
विश्वविद्यालय के क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों और कर्मचारियों की छह टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले के बाद विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. टी.बी. श्रीधरन और डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशंस डॉ. प्रभाकर एस. ने विजेता टीम के कप्तान डॉ. पुष्पदंत जैन को चांसलर कप प्रदान किया।
बायोमेक्ट्रोनिक्स ने पहली पारी में बनाए 179 रन
फाइनल मुकाबले में बायोमेक्ट्रोनिक्स के कप्तान डॉ. पुष्पदंत जैन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। 16 ओवर के इस मुकाबले में टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज दीपचंद उपाध्याय ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं डॉ. मयूर कुमार रजक ने 38 और डॉ. अमित कुमार ने 27 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
स्टाफ टीम की ओर से तेज गेंदबाज देवराज ने दो विकेट हासिल किए, जबकि सचिन सिंह को एक सफलता मिली।
99 रन पर सिमटी स्टाफ टीम
180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टाफ टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। लगातार विकेट गिरने के कारण टीम संभल नहीं पाई और पूरी टीम 99 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। स्टाफ टीम की ओर से विष्णु ने सर्वाधिक 46 रन बनाए, जबकि सलामी बल्लेबाज सचिन सिंह ने 22 रन का योगदान दिया।
बायोमेक्ट्रोनिक्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए डॉ. अमित कुमार ने चार विकेट झटके। जिष्णु ने तीन और डॉ. मयूर कुमार रजक ने एक विकेट लेकर विपक्षी टीम की पारी समेटने में अहम भूमिका निभाई। इस तरह बायोमेक्ट्रोनिक्स ने 80 रन से शानदार जीत दर्ज की।
अमित कुमार बने मैन ऑफ द मैच, देवराज को मिला मैन ऑफ द सीरीज
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए बायोमेक्ट्रोनिक्स के डॉ. अमित कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि स्टाफ टीम के देवराज मेवाड़ा को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया।
चांसलर के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में हुआ आयोजन
फैकल्टी क्रिकेट लीग का आयोजन विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. जी. विश्वनाथन के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की।
विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य संकाय सदस्यों और कर्मचारियों के बीच शारीरिक स्वास्थ्य, आपसी सहयोग, टीम भावना और सौहार्दपूर्ण संबंधों को बढ़ावा देना था। मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मैदान पर मौजूद रहे। दर्शकों के उत्साह और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने पूरे परिसर को खेलमय उत्सव के माहौल में बदल दिया।
.webp)